Chhattisgarh News: बस्तर की शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर सरकार का फोकस, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दिए सख्त निर्देश

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर, 1 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बुधवार को बस्तर कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर बस्तर संभाग की शिक्षा व्यवस्था और विभागीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

बंद स्कूलों को फिर से शुरू करने पर जोर

बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा कि बस्तर के समग्र विकास में शिक्षा की अहम भूमिका है। उन्होंने माओवादी प्रभावित और दूरस्थ इलाकों के बंद स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से दोबारा शुरू करने, विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए।

गणित, हिंदी और अंग्रेजी की मजबूत नींव पर फोकस

गजेंद्र यादव ने प्राथमिक स्तर पर गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की मजबूत आधारशिला तैयार करने के लिए कैलेंडरवार और विषयवार पढ़ाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नियमित रिवीजन टेस्ट, यूनिट टेस्ट और तिमाही परीक्षाएं आयोजित कर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का लगातार मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।

ऑनलाइन उपस्थिति और जवाबदेही पर सख्ती

समीक्षा बैठक में आधार बेस ऐप और वीएसके ऐप के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं नेटवर्क विहीन स्कूलों की सूची तैयार कर जिला प्रशासन के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

नामांकन, परीक्षा परिणाम और छात्र हित योजनाओं की समीक्षा

बैठक में विद्यार्थियों के नामांकन, ड्रॉपआउट दर, शिक्षकों की उपलब्धता, रिक्त पदों, बोर्ड परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति, निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक वितरण, सरस्वती सायकल योजना, मध्यान्ह भोजन और विद्यालयों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों को मिलेगा नया स्वरूप

शिक्षा मंत्री ने स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों को पीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर विकसित करने, जर्जर भवनों को हटाने, आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने और पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवितरित पुस्तकों का विद्यालय स्तर पर व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने पर भी जोर दिया।

छात्राओं को मिली साइकिल, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

समीक्षा बैठक से पहले शिक्षा मंत्री ने सरस्वती सायकल योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल और उपहार वितरित किए। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।