Chhattisgarh News: रायपुर, 1 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 3 और 4 जुलाई को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन और सहकार संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। आयोजन का संयुक्त रूप से संचालन सहकारिता विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) द्वारा किया जा रहा है।
सहकार संकल्प दौड़ से होगा कार्यक्रम का आगाज
सहकारिता सप्ताह के तहत 3 जुलाई सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में सहकार संकल्प दौड़ आयोजित होगी। इस दौड़ का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सहकारिता के महत्व और “सहकार से समृद्धि” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
दो दिवसीय सम्मेलन में सहकारिता के भविष्य पर मंथन
3 और 4 जुलाई को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, किसान सशक्तीकरण और सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा होगी।
प्रदेशभर से जुटेंगे सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि
इस सम्मेलन में अपेक्स बैंक, राज्य सहकारी संघ, मार्कफेड, लघु वनोपज सहकारी संघ, हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ, अन्त्यावसायी वित्त एवं विकास निगम सहित विभिन्न जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, किसान और सहकारिता क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
‘सहकार से समृद्धि’ को मिलेगा नया विस्तार
सहकारिता विभाग का मानना है कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, किसान सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सम्मेलन के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने और प्रदेश में सहयोग आधारित विकास मॉडल को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विभाग ने किसानों, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लेने की अपील की है।
