UP News: UPTET-2026: 2 से 4 जुलाई तक होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, 19.94 लाख अभ्यर्थियों पर रहेगी AI की नजर

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: लखनऊ, 1 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का आयोजन 2 से 4 जुलाई तक प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस वर्ष परीक्षा में 19,94,661 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा और तकनीकी इंतजाम किए हैं।

पांच पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

आयोग के अनुसार परीक्षा कुल पांच पालियों में संपन्न होगी। 2 जुलाई की दोनों पालियों और 3 जुलाई की पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। वहीं 3 जुलाई की दूसरी पाली और 4 जुलाई की पहली पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

AI CCTV और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी 955 परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष और संवेदनशील स्थानों पर AI आधारित CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को जिला कंट्रोल रूम और आयोग के अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जहां से परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी केंद्रों की तकनीकी कनेक्टिविटी का परीक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

हर जिले में प्रेक्षक और सुरक्षा एजेंसियां रहेंगी तैनात

परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में आयोग की ओर से एक-एक सेवानिवृत्त IAS और IPS अधिकारी को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और उनकी निगरानी टीमें परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगी। सभी केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

नकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने, नकल कराने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने और अफवाहों से बचने की अपील

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही उम्मीदवारों को किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचने और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ही जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा के लिए आयोग प्रतिबद्ध

आयोग ने कहा है कि शासन और आयोग UPTET-2026 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवागमन, सुरक्षा और आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।