Aadhar: UIDAI जल्द ही एक नया मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करने जा रहा है।
Aadhar News: आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को और ज्यादा आसान और डिजिटल बनाने के लिए यूआईडीएआई (UIDAI) एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। UIDAI जल्द ही एक नया मोबाइल ऐप ‘e-Aadhaar’ लॉन्च करेगा, जिसकी मदद से नागरिक अपने स्मार्टफोन से ही आधार में नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसे व्यक्तिगत विवरण अपडेट कर सकेंगे। पढ़िए पूरी डिटेल्स…

ऑल-इन-वन ऐप से अपडेट की प्रक्रिया होगी बेहद आसान
UIDAI इस ऐप को एक ऑल-इन-वन प्लेटफॉर्म (All-In-One Platform) के रूप में विकसित कर रहा है, जिससे आधार में अपडेट कराने की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके। अब लोगों को मामूली बदलाव के लिए आधार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऐप का यूज़र-फ्रेंडली इंटरफेस उपयोगकर्ताओं को घर बैठे आसानी से विवरण बदलने की सुविधा देगा।
ये भी पढ़ेंः Samsung: सैमसंग के 9 करोड़ के 12 हज़ार स्मार्टफ़ोन ले उड़े चोर, पढ़िए कहां का है मामला?
सिर्फ बायोमेट्रिक अपडेट के लिए जाना होगा केंद्र
यूआईडीएआई के अधिकारियों के मुताबिक, यह ऐप आधार केंद्रों पर जाने की जरूरत को काफी हद तक खत्म कर देगा। सिर्फ बायोमेट्रिक अपडेट, जैसे फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन के लिए ही उपयोगकर्ताओं को आधार केंद्र जाना पड़ेगा। बाकी सब काम ऐप से ही हो जाएंगे।
AI और फेस आईडी से होगा रियल टाइम वेरिफिकेशन
नए ऐप की एक और खासियत यह है कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फेस आईडी टेक्नोलॉजी को शामिल किया जाएगा। इससे न केवल पहचान की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि यह प्रक्रिया तेज और भरोसेमंद भी होगी। ऐप के जरिए नागरिकों को डिजिटल रूप से सुरक्षित और दूरस्थ पहुंच मिल सकेगी।
सरकारी डेटाबेस से सीधे मिलेंगे डॉक्यूमेंट
इस ऐप की मदद से UIDAI, उपयोगकर्ता द्वारा सबमिट किए गए विवरणों को विभिन्न सरकारी डेटाबेस से अपने आप सत्यापित कर सकेगा। इसमें पैन कार्ड, पासपोर्ट ऑफिस, ड्राइविंग लाइसेंस रजिस्ट्री, पीडीएस राशन कार्ड सिस्टम और मनरेगा रिकॉर्ड जैसे सरकारी स्रोतों से जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा, बिजली बिल जैसे यूटिलिटी डॉक्यूमेंट भी एड्रेस प्रूफ के तौर पर मान्य होंगे।
क्यों जरूरी है यह नया आधार ऐप?
यह मोबाइल ऐप UIDAI और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिनका मकसद आधार सेवाओं को सरल, तेज और हर किसी की पहुंच में लाना है। हाल ही में सरकार ने ‘आधार गुड गवर्नेंस पोर्टल’ भी लॉन्च किया है, जो आधार से जुड़ी सेवाओं को पारदर्शी और कुशल बनाने के लिए काम करता है।
ये भी पढ़ेंः OTP Rule: अब मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन के लिए चुकाने होंगे इतने रुपये, आपकी जेब पर पड़ेगा असर
बता दें कि भारत में 130 करोड़ से ज्यादा आधार धारकों के लिए यह नया मोबाइल ऐप एक गेम चेंजर बन सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जो दूरदराज के इलाकों में रहते हैं और जिनके पास आधार केंद्र तक सीधी पहुंच नहीं है।
