सरकार का 70 लाख पेड़ लगाने का संकल्प
Delhi News: सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने गुरुवार को दिल्ली को पॉल्यूशन मुक्त (Pollution Free) करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राजधानी को फिर से ‘ग्रीन कैपिटल’ (Green Capital) बनाया जाएगा। भारत मंडपम में आयोजित वन महोत्सव 2025 के शुभारंभ अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को ‘गैस चैंबर’ (Gas Chamber) से बाहर निकालकर स्वच्छ, सुरक्षित और हरित राजधानी बनाने के लिए सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति केवल सरकार से नहीं होगी, बल्कि इसके लिए समाज और हर नागरिक को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा, ‘यह केवल पेड़ लगाने का उत्सव नहीं है, बल्कि धरती के प्रति हमारी संयुक्त जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह आने वाली पीढ़ियों को जीवन देने का प्रण है।’

ये भी पढ़ेंः Delhi: CM रेखा गुप्ता ने ‘शीश महल’ का किया उद्घाटन, कहा- जनता के लिए समर्पित है यह विरासत
इससे पहले मुख्यमंत्री ने रिज क्षेत्र स्थित पीबीजी ग्राउंड में पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल ‘मां के नाम एक पेड़’ का उल्लेख करते हुए इसे प्रकृति, मातृत्व और देशभक्ति से जुड़ा भावनात्मक अभियान बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल हमारी संस्कृति और पर्यावरण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 27 वर्षों में किसी सरकार ने गंभीरता से यह नहीं सोचा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ वायु कैसे उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों की उदासीनता के कारण दिल्ली आज पर्यावरण संकट के दौर से गुजर रही है।

सरकार का 70 लाख पेड़ लगाने का संकल्प
इस मौके पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा (Minister Manjinder Singh Sirsa) ने भी सरकार की हरित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राजधानी में 70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही दिल्ली में 20 एकड़ क्षेत्र में मियांवाकी पद्धति से जंगल विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए सरकार ने इकोलॉजिकल टास्क फोर्स को भी दोबारा सक्रिय किया है, जो वृक्षारोपण की निगरानी और नेतृत्व करेगी।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पूर्व सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली ने वर्षों तक ऐसी सरकार को झेला, जिसने न सिर्फ संसाधनों का दुरुपयोग किया बल्कि राजधानी की वायु गुणवत्ता को भी गिरा दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसा अभियान शुरू किया, तब भी इसे केवल राजनीतिक वजहों से नजरअंदाज किया गया।
ये भी पढ़ेंः Delhi: पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम? CM रेखा गुप्ता ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम में वन महोत्सव प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सांसद बांसुरी स्वराज, मुख्य सचिव धर्मेंद्र, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि और वन अधिकारी मौजूद रहे।
