Uttarakhand News

Uttarakhand News: अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, 138 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात

उत्तराखंड
Spread the love

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को करीब 138 करोड़ रुपये की बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और 9 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और नगर विकास को मजबूती मिलेगी।

अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नए प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जिला है। यहां की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को गति मिलेगी।

112 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने करीब 112 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें रानीखेत में क्षतिग्रस्त आवास और कॉन्फ्रेंस हॉल निर्माण, महिला पॉलीटेक्निक अल्मोड़ा में बाउंड्रीवाल, भैरव मंदिर क्षेत्र में पार्किंग निर्माण और जीआईसी अल्मोड़ा व केएमओयू बस स्टैंड में बहुस्तरीय पार्किंग शामिल हैं।

इसके अलावा कई पेयजल योजनाएं, मोटर मार्गों का सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, स्वास्थ्य केंद्र में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन व कुलपति आवास का निर्माण भी शामिल है।

25 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने करीब 26 करोड़ रुपये की 9 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें बैराज निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, स्कूल में नए कक्ष निर्माण और कई मोटर मार्गों के डामरीकरण व सुधारीकरण के कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनसेवा के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।