UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि कार्रवाई के बाद पीड़ित पक्ष से संपर्क कर उनकी संतुष्टि की पुष्टि की जाए।
कैंसर पीड़िता को इलाज का दिलाया भरोसा
जनता दर्शन के दौरान बरेली से आई एक महिला ने कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल का उपचार अनुमान (एस्टिमेट) उपलब्ध कराने को कहा और आश्वस्त किया कि इलाज की चिंता सरकार करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने महिला से कहा कि वह अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, आर्थिक सहायता की व्यवस्था सरकार करेगी।
राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
कार्यक्रम में आए राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अतिक्रमण के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विवादों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए ताकि वादकारियों को समय पर न्याय मिल सके।
गरीबों को समय पर न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देरी का सबसे अधिक असर गरीब और जरूरतमंद लोगों पर पड़ता है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय मिले और प्रशासन इसी भावना के साथ कार्य करे।
