Tv Anchor: दुखद ख़बर मीडिया जगत से आ रही है। मशहूर टीवी एंकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। कराची के वरिष्ठ पत्रकार इम्तियाज़ मीर (40 वर्ष), जिन्हें 21 सितंबर को मलिर क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी, रविवार देर रात ज़िंदगी की जंग हार गए। वे कराची के लियाकत नेशनल हॉस्पिटल में भर्ती थे और सोमवार (29 सितंबर) की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इम्तियाज़ मीर टीवी चैनल मेट्रो 1 न्यूज़ पर लोकप्रिय शो “आज की बात विद इम्तियाज़ मीर” होस्ट करते थे। वे देश के सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखते थे, जिसके चलते उन्हें असामाजिक तत्वों की नाराज़गी झेलनी पड़ रही थी।
इस घटना पर प्रेस एम्बलम कैंपेन (PEC), जो मीडिया की सुरक्षा और अधिकारों के लिए काम करने वाला वैश्विक संगठन है, ने गहरी चिंता जताई और न्याय की मांग की। संगठन के अध्यक्ष ब्लेज़ लेम्पेन ने कहा, “पत्रकार इम्तियाज़ मीर की असमय मौत बेहद दुखद है। सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह को व्यक्तिगत रूप से इस मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सज़ा दिलानी चाहिए।”
पीईसी के दक्षिण एशिया प्रतिनिधि नवा ठाकुरिया ने जानकारी दी कि इस साल अब तक दुनिया भर में 135 मीडिया कर्मी मारे जा चुके हैं। सिर्फ पाकिस्तान में ही इस साल 1 जनवरी से अब तक एडी शार (हम न्यूज़), अब्दुल लतीफ़ (डेली इंतिखाब) और सैयद मोहम्मद शाह (अब-तक टीवी) सहित चार पत्रकारों की हत्या हो चुकी है। पिछले साल भी पाकिस्तान में 12 पत्रकारों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी, लेकिन अधिकांश मामलों में अपराधियों को सरकारी मशीनरी की नाकामी के कारण सज़ा नहीं मिल पाई।
