Traffic Update: दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद में आज रात से बंद रहेंगी ये सड़कें
Traffic Update: 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के अवसर पर दिल्ली-NCR में बड़े स्तर पर समारोह आयोजित होने जा रहे हैं। इस कारण गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस (Traffic Police) ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। डायवर्जन आज आधी रात से ही प्रभावी हो जाएंगे, जिससे यात्रियों को पहले से रूट प्लान करके घर से निकलने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि कई स्थानों पर गुरुवार रात से ही सड़कें बंद कर दी जाएंगी, जबकि कुछ जगहों पर शुक्रवार सुबह 6 बजे से डायवर्जन लागू होगा।
इसके अलावा, दिल्ली यातायात पुलिस ने शुक्रवार, 15 अगस्त 2025 को छत्रसाल स्टेडियम (Chhatrasal Stadium) में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भी यातायात परामर्श जारी किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री इस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद के चलते सुबह 6 बजे से आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा।
दिल्ली में बंद रहेंगी ये सड़कें
नेताजी सुभाष मार्ग: दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक।
लोथियन रोड: जीपीओ से फाउंटेन चौक तक।
एस.पी. मुखर्जी मार्ग: यमुना बाजार से लाल किला तक।
चांदनी चौक रोड: फाउंटेन चौक से लाल किला तक।
निषाद राज मार्ग: रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक।
इन सड़कों पर जाने से बचें
- आईएसबीटी से राजघाट तक रिंग रोड।
- वजीराबाद से आईटीओ तक।
- बाहरी रिंग रोड आईटीओ से लाल किला तक विकास मार्ग।
- निजामुद्दीन ब्रिज से आईएसबीटी तक महात्मा गांधी मार्ग।

दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए एडवाइजरी
छत्रसाल स्टेडियम समारोह के लिए निम्नलिखित जगहों पर डायवर्जन लागू होंगे।
- हकीकत नगर नाला रोड।
- किंग्सवे कैंप चौक।
- भामा शाह चौक पर यू-टर्न।
- मॉडल टाउन-II, मॉडल टाउन-III, H-पॉइंट।
- नानक प्याऊ गुरुद्वारा।
- स्टेडियम रोड, जीटीके रोड टी-पॉइंट।
इन सड़कों पर जाने से बचें
- मॉल रोड (छत्रसाल स्टेडियम से सटा रिंग रोड)।
- स्टेडियम रोड।
- ब्रह्मा कुमारी मार्ग।
- भामा शाह रोड।
- पुराना जीटी करनाल रोड।
फरीदाबाद के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
फरीदाबाद में 14 अगस्त की रात 10 बजे से 15 अगस्त की दोपहर 2 बजे तक दिल्ली की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंधित मार्गों में शामिल हैं- बदरपुर बॉर्डर, प्रह्लादपुर, करणी सिंह शूटिंग रेंज, सूरजकुंड गोल चक्कर, दुर्गा बिल्डर, मंगर चौकी नाका, डेरा फतेहपुर, सेक्टर 30 कट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, सीकरी, NH-19 (पलवल रोड) और एल्सन जेसीबी चौक आदि।
गुरुग्राम के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
गुरुग्राम में 14 अगस्त की शाम 5 बजे से 15 अगस्त की दोपहर 1:30 बजे तक दिल्ली में मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। दिल्ली की तरफ जाने वाले सभी रास्तों से बचें। वाहन चालकों को सलाह है कि अन्य राज्यों या जिलों की यात्रा के लिए केएमपी एक्सप्रेसवे का उपयोग करें और वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें।
ये भी पढ़ेंः Air India Bumper Sale: सिर्फ 1499 रुपये में करें एयर इंडिया से सफ़र, ऑफर शुरू
नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी
- चिल्ला रेड लाइट (बॉर्डर) से दिल्ली राज्य प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
- डीएनडी (बॉर्डर) से दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन डीएनडी टोन प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
- कालिन्दी कुंज यमुना (बॉर्डर) से दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किए जाएंगे, जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
- यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन जीरो प्वाइंट से परीचौक, पी-3, कासना, सिरसा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
- परीचौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन परीचौक से पी-3, कासना, सिरसा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
गाजियाबाद के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
- एनएच-09 से यूपी गेट होते हुए सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- डाबर तिराहा से महाराजपुर होते हुए सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- मोहननगर से सीमापुरी होते हुए सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- भोपुरा बॉर्डर से सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- लोनी बॉर्डर से सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- जनपद मेरठ स्थित काशी टोल प्लाजा से गाजियाबाद की ओर एवं भोजपुर एंट्री/MS कॉलेज/PEM कॉलेज एंट्री पॉइंट से दिल्ली की ओर सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- पुस्ता खजूरी मार्ग से दिल्ली की ओर सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
- सूर्यनगर बॉर्डर से दिल्ली की ओर सभी प्रकार के हल्के/मध्यम/भारी व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की 4 सोसायटी में अचानक तेज हुई हलचल
ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि एडवाइजरी का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रूट्स का उपयोग करें।
