इस कार्यक्रम के तहत किसानों को जागरूक करने के लिए कई जनसंपर्क गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी: कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ीयां
पटियाला में सफल पायलट परियोजना, जिसमें 80% से अधिक खेतों में आग की घटनाओं में कमी आई, ने पूरे राज्य में विस्तार का रास्ता खोला: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह
Punjab News: वायु प्रदूषण से निपटने और किसानों को समर्थन देने के लिए पंजाब सरकार ने सोमवार को डेलॉइट के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत राज्य भर में फसल अवशेष प्रबंधन की सफल पहलों को तकनीकी सहायता प्रदान कर स्केल-अप किया जाएगा। यह समझौता डेलॉइट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विवेक मित्तल और कृषि आयुक्त श्रीमती बबीता के बीच कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ीयां और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह साझेदारी डेलॉइट द्वारा पिछले वर्ष पटियाला जिले के 17 गांवों में लागू की गई एक अत्यंत सफल पायलट परियोजना के आधार पर की गई है, जिसमें खेतों में आग लगाने की घटनाओं में 80% से अधिक की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई थी।
ये भी पढ़ेंः Punjab: विधानसभा में हंगामा: चीमा-बाजवा की नोक झोंक पर सदन 10 मिनट स्थगित
कार्यक्रम के विवरण साझा करते हुए कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ीयां ने कहा कि गांव-स्तर पर बैठकों और घर-घर जाकर जागरूकता अभियानों जैसे कई सूचना, शिक्षा और संचार (IEC) गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही एक डिजिटल जागरूकता वैन भी विभिन्न गांवों में जाएगी, जिसमें प्रेरणादायक वीडियो और “उन्नत सिंह” नामक प्रगतिशील किसान मैस्कॉट को प्रचारित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, टी-शर्ट, कैलेंडर, कप और टोट बैग जैसे आकर्षक नारे वाले प्रचार सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम के तहत ‘कृषि यंत्र साथी’ (KYS) नामक एक यूजर-फ्रेंडली मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च की जा रही है, जिससे किसान आसानी से कृषि यंत्रों की बुकिंग और शेड्यूलिंग कर सकेंगे। डेलॉइट की पहलों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने फसल अवशेष जलाने और जनस्वास्थ्य के बीच के महत्वपूर्ण संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वायु गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, जिससे हमारे नागरिकों में सांस संबंधी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में वृद्धि होती है। पटियाला में मिली सफलता इस बात का प्रमाण है कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों की रक्षा के लिए यह एक व्यवहारिक मॉडल है।”
ये भी पढ़ेंः Punjab: CM मान के नेतृत्व में पंजाब को मिला ₹900 करोड़ का तोहफा — मोहाली बनेगा मेडिकल कैपिटल
स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, “डेलॉइट के साथ हमारी यह साझेदारी एक स्वच्छ और स्वस्थ पंजाब की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन प्रभावी रणनीतियों को राज्यभर में लागू कर हम पटियाला जैसी सफलता को दोहराने और किसानों के लिए टिकाऊ समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इस अवसर पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य कुमार राहुल, सचिव कृषि श्री बसंत गर्ग, और डेलॉइट के वरिष्ठ अधिकारी जैसे डायरेक्टर प्रतीक कंवल, एसोसिएट डायरेक्टर शक्य सेनगुप्ता और कंसल्टेंट प्रकाश झा उपस्थित थे।
