Punjab News: पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने सोमवार को बताया कि पंजाब सरकार राज्य को निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में ऊनी और फैंसी यार्न के प्रमुख निर्माता Ganga Acrowools Limited ने बड़े विस्तार की घोषणा की है।
कंपनी वर्तमान में 60 से अधिक देशों को निर्यात करती है और 5,600 से अधिक लोगों को रोजगार दे रही है। इसका वार्षिक टर्नओवर लगभग ₹850 करोड़ है। मंत्री ने बताया कि पिछले चार-पांच वर्षों में कंपनी ने 3,000 से अधिक रोजगार सृजित किए हैं और अब ताजा निवेश से 1,500 से अधिक नई नौकरियां पैदा होंगी।
₹690 करोड़ का नया निवेश, जिसमें पराली आधारित ऊर्जा परियोजना शामिल
मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि कंपनी पंजाब में ₹690 करोड़ का नया निवेश कर रही है, जिसमें से ₹53 करोड़ पराली आधारित बॉयलर और टरबाइन परियोजना पर खर्च किए जाएंगे।
यह प्लांट प्रतिवर्ष लगभग 1.2 लाख टन पराली (करीब 10,000 टन प्रतिमाह) की खपत करेगा, जिससे 20–25 किलोमीटर के दायरे को फसल अवशेष जलाने की समस्या से मुक्त बनाने में मदद मिलेगी। यह परियोजना औद्योगिक विकास को पर्यावरणीय जिम्मेदारी के साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कुल निवेश बढ़कर लगभग ₹750 करोड़
कंपनी के अध्यक्ष अमित थापर ने बताया कि पिछली निवेश शिखर सम्मेलन में ₹301 करोड़ के निवेश की घोषणा की गई थी, जिसे अनुकूल व्यावसायिक माहौल और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में सुधार के चलते बढ़ाकर ₹690 करोड़ किया गया और अब यह कुल मिलाकर लगभग ₹750 करोड़ तक पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि ₹400 करोड़ का निवेश पहले ही किया जा चुका है और शेष राशि अगले 24 महीनों में निवेश की जाएगी।
हाई-वैल्यू टेक्सटाइल और निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
नए विस्तार के तहत कंपनी निटिंग, वीविंग, कार्पेट और टेक्निकल टेक्सटाइल सेगमेंट के लिए यार्न का निर्माण करेगी। इससे पंजाब में उच्च मूल्य के विनिर्माण और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
इस परियोजना से स्थानीय वैल्यू चेन, एमएसएमई और सहायक इकाइयों को भी मजबूती मिलेगी। यह विस्तार पंजाब की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों और निवेशक-हितैषी वातावरण पर उद्योग जगत के विश्वास को दर्शाता है।
