Punjab News: पंजाब सरकार ने होला मोहल्ला के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में भारत की पहली सर्व-ऋतु अनुकूल स्थायी एयर-कंडीशंड टेंट सिटी स्थापित कर संगत को समर्पित किया है। शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अस्थायी ढांचे की सफलता के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर इसे स्थायी रूप दिया गया है।
यह टेंट सिटी वर्षभर श्रद्धालुओं को आरामदायक आवास सुविधा प्रदान करेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आने वाली संगत को भी इसका लाभ मिलेगा।
इस वर्ष मनाया जाएगा ‘ग्रीन होला मोहल्ला’
पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष ग्रीन होला मोहल्ला मनाने का निर्णय लिया गया है। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लंगर स्थलों पर बायोडिग्रेडेबल सामग्री उपलब्ध कराने का खर्च वहन करेगा।
लाखों श्रद्धालुओं के लिए लगाए जाने वाले लंगरों में केवल पर्यावरण-अनुकूल प्लेट, कप और बर्तनों का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

पार्किंग, ट्रॉली सिटी और ई-रिक्शा से आसान होगा आवागमन
रूपनगर जिला प्रशासन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से आने वाली संगत के लिए 28 समर्पित पार्किंग जोन, दो ट्रॉली सिटी और ट्रॉली स्ट्रीट बनाई हैं। इन स्थलों पर बाथरूम, सीसीटीवी और एलईडी स्क्रीन की सुविधा उपलब्ध है।
माजहा और दोआबा से आने वाली संगत को चरण गंगा के निकट, जबकि मालवा और चंडीगढ़ क्षेत्र से आने वालों को झिंझड़ी स्थित सुविधा केंद्र में ठहराया जाएगा। प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच के लिए 100 ई-रिक्शा शटल सेवाएं चलाई जाएंगी।
विरासत-ए-खालसा में आतिशबाज़ी और विशेष रोशनी
2 और 3 मार्च की शाम विरासत-ए-खालसा में भव्य आतिशबाज़ी का आयोजन किया जाएगा। श्री आनंदपुर साहिब को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पांच प्यारों के पार्क का नवीनीकरण किया गया है, जबकि भाई जैता जी संग्रहालय सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों को भी संवारा गया है।
स्वास्थ्य और सुरक्षा के कड़े प्रबंध
चरण गंगा स्टेडियम और तख्त श्री केसगढ़ साहिब में सुसज्जित एंबुलेंस तैनात की गई हैं। प्रत्येक मुख्य स्थल और पार्किंग क्षेत्र में आम आदमी क्लिनिक संचालित किए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू की गई है।
मुख्य कार्यक्रमों के लाइव प्रसारण और रियल-टाइम अपडेट के लिए 20 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि दूर खड़े श्रद्धालु भी सभी गतिविधियों से जुड़े रह सकें।
मंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए महीनों तक मेहनत करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
