Punjab News (39)

Punjab News: ऑपरेशन प्रहार से गैंगस्टरों पर कड़ा प्रहार, 48 घंटे में 2,500 गिरफ्तार

पंजाब
Spread the love

Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के तहत पंजाब पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दूसरे दिन भी कड़ी कार्रवाई जारी रखी। इस अभियान का मकसद राज्य को संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क से पूरी तरह मुक्त करना है।

दूसरे दिन 1,100 से ज्यादा गिरफ्तारियां

पुलिस ने विदेशों में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े सहयोगियों और साथियों के ठिकानों पर छापेमारी करते हुए दूसरे दिन 1,186 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 48 घंटों में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 2,500 तक पहुंच गई है। पहले दिन ही 1,314 आरोपियों को हिरासत में लिया गया था।

72 घंटे का विशेष अभियान, 12,000 पुलिसकर्मी तैनात

पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने मंगलवार को 72 घंटे के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ की शुरुआत की थी। इस दौरान राज्य भर में 2,000 से अधिक पुलिस टीमें और करीब 12,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि संगठित अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

गैंगस्टर नेटवर्क की हर कड़ी पर कार्रवाई

विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि इस अभियान में सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि वित्तीय नेटवर्क, हथियार सप्लाई, लॉजिस्टिक्स और संचार लिंक की भी गहराई से जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य गैंगस्टरों को मिलने वाले हर तरह के सहारे को खत्म करना है।

जनता से सहयोग की अपील, इनाम की भी व्यवस्था

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे संगठित अपराध के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों की जानकारी गोपनीय रूप से दे सकते हैं। दी गई जानकारी के आधार पर अगर किसी गैंगस्टर की गिरफ्तारी होती है, तो सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।