Chhattisgarh News (61)

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले, विकास को मिलेगी रफ्तार

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 21 जनवरी 2026 को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। इस बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिनका सीधा असर शिक्षा, उद्योग, आईटी और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा।

छत्तीसगढ़ आबकारी नीति 2026-27 को मंजूरी

कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की छत्तीसगढ़ आबकारी नीति के प्रस्ताव को मंजूरी दी। साथ ही, इससे जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए संबंधित विभाग को अधिकृत किया गया है।

नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर का शिक्षण संस्थान

मंत्रिपरिषद ने नवा रायपुर अटल नगर में उच्च कोटि के शैक्षणिक संस्थान की स्थापना के लिए श्री विले पारले कलावनी मंडल (SVKM) को सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि 90 वर्षों की लीज पर देने की स्वीकृति दी। यहां नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान स्थापित किया जाएगा।
SVKM वर्ष 1934 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही प्रतिष्ठित संस्था है, जो देशभर में 30 से अधिक संस्थान संचालित करती है। इस संस्थान को 2025 की एनआईआरएफ रैंकिंग में 52वां स्थान मिला है। नवा रायपुर में इस संस्थान की स्थापना से राज्य में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

आईटी और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एमओयू

कैबिनेट ने नवा रायपुर में चार नए उद्यमिता केंद्रों की स्थापना के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया। इससे राज्य में आईटी, आईटीईएस और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी।
इन केंद्रों के माध्यम से अगले 3 से 5 वर्षों में एआई, मेडटेक, स्मार्ट सिटी और स्मार्ट एग्री जैसे क्षेत्रों में 133 स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, एक इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विकास केंद्र भी स्थापित होगा, जो हर साल 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्टअप और एमएसएमई को सहयोग देगा।

सरकारी अस्पतालों में जांच सुविधाएं होंगी मजबूत

मंत्रिपरिषद ने राज्य के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अहम निर्णय लिए। जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब को मजबूत किया जाएगा, ताकि जांच की संख्या और गुणवत्ता दोनों बढ़ाई जा सके।