Punjab News: मध्य पूर्व में बने तनावपूर्ण हालात के बीच वहां फंसे पंजाब के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
सरकार ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की है। साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए 24×7 हेल्पलाइन भी शुरू कर दी गई है, ताकि संकट की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
राज्य सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.के. जैसवाल को हेल्पलाइन का ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया है। वहीं विमल सेतिया, जो गृह विभाग के सचिव हैं, उन्हें इस पूरी प्रक्रिया का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नोडल अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे लगातार Ministry of External Affairs के संपर्क में रहें और मध्य पूर्व सहित अन्य देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की स्थिति पर नजर रखें।
हेल्पलाइन पर आने वाली हर कॉल पर होगी कार्रवाई
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि हेल्पलाइन पर आने वाली सभी कॉल का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए और हर मामले पर तुरंत कार्रवाई की जाए। यदि किसी मामले को विदेश मंत्रालय या अन्य विभागों के सामने उठाने की आवश्यकता होगी तो नोडल अधिकारी इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएंगे।
संकट की घड़ी में पंजाबियों के साथ सरकार
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कदम मध्य पूर्व में पैदा हुई आपात स्थिति को देखते हुए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विदेशों में फंसे पंजाब के लोगों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग देना है।
खाड़ी देशों में फंसे लोगों को मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
