Punjab News: पंजाब में शिक्षा क्रांति का असर, 416 सरकारी स्कूलों का 12वीं रिजल्ट रहा 100 फीसदी

पंजाब
Spread the love

Punjab News: Punjab में मुख्यमंत्री Bhagwant Singh Mann सरकार की शिक्षा क्रांति का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 12वीं कक्षा के नतीजों में राज्य के 416 सरकारी स्कूलों ने 100 प्रतिशत रिजल्ट हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह राज्य की शिक्षा व्यवस्था में हुए बड़े बदलाव और स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्कूलों में आधुनिक क्लासरूम, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा सुधारों पर लगातार काम किया है।

तीन छात्राओं ने हासिल किए पूरे 500 अंक

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में 12वीं के टॉपर छात्रों को सम्मानित किया। इस दौरान मानसा की सुपनीत कौर और लुधियाना की सुहानी चौहान व दिवांशी को विशेष सम्मान दिया गया। इन तीनों छात्राओं ने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर पंजाब का नाम रोशन किया।

मुख्यमंत्री ने तीनों छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है कि राज्य की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं।

लड़कियों ने फिर लड़कों को छोड़ा पीछे

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार भी लड़कियों ने रिजल्ट में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। 12वीं परीक्षा में लड़कियों का पास प्रतिशत 94.73 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 88.52 फीसदी दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि मेरिट सूची में शामिल कुल 278 छात्रों में से 217 लड़कियां हैं, जबकि केवल 61 लड़के मेरिट में जगह बना सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साबित करता है कि लड़कियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा में उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।

सरकारी स्कूलों के छात्रों ने मेरिट में बनाई जगह

भगवंत मान ने बताया कि मेरिट सूची में शामिल 275 छात्रों में से 122 छात्र सरकारी स्कूलों के हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकारी स्कूलों में बढ़ते शिक्षा स्तर और सरकार के प्रयासों का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार लगातार सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने में लगी हुई है ताकि गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई का माहौल पहले से काफी बेहतर हुआ है।

टॉपर छात्राएं खेलों में भी आगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों टॉपर छात्राएं राष्ट्रीय और राज्य स्तर की खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि पंजाब की बेटियां पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

बातचीत के दौरान एक छात्रा ने भारतीय वायुसेना में पायलट बनने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे मोहाली स्थित “माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट फॉर गर्ल्स” में दाखिला लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान लड़कियों को रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने के लिए विशेष प्रशिक्षण देता है।