Punjab News: पंजाब सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री Aman Arora ने घोषणा की कि ‘मुख्यमंत्री रोशन पंजाब योजना’ के तहत राज्य के लगभग 13,000 गांवों में सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
इस योजना पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और पूरे राज्य में 3 लाख से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। सरकार का उद्देश्य गांवों में बेहतर रोशनी, सुरक्षा और जीवन स्तर में सुधार लाना है।
जून से अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से लगेगी लाइटें
मंत्री Aman Arora ने बताया कि यह प्रोजेक्ट पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (PEDA) द्वारा लागू किया जाएगा। सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना जून से अक्टूबर 2026 के बीच चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सोलर लाइटें बिजली खर्च के बिना लंबे समय तक चलती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सबसे उपयुक्त समाधान हैं।
खराब लाइट 3 दिन में होगी ठीक, कंट्रोल सेंटर से होगी निगरानी
इस योजना की खास बात यह है कि सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों की निगरानी एक कमांड और कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी।
- हर लाइट की जियो-टैगिंग की जाएगी
- शिकायत दर्ज करने के लिए आईवीआर हेल्पलाइन उपलब्ध होगी
- खराब लाइट को 3 दिनों के भीतर ठीक करना अनिवार्य होगा
- सभी लाइटें 7 साल के रखरखाव अनुबंध के साथ लगाई जाएंगी
महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि इस योजना से गांवों में सुरक्षा बढ़ेगी, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही गांवों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
उन्होंने बताया कि पहले गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का अधिकतर खर्च पंचायतों को उठाना पड़ता था, लेकिन अब नई योजना के तहत राज्य सरकार 70% खर्च वहन करेगी और पंचायतों का योगदान केवल 30% होगा।
