Punjab News: पंजाब कभी नहीं झुकेगा, CM भगवंत मान का PM मोदी को बड़ा संदेश

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Singh Mann ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगातार हो रही Enforcement Directorate (ED) की छापेमारी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। संगरूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को डराने और दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पंजाब कभी झुका नहीं है और आगे भी नहीं झुकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ईडी की रेड हुई, लेकिन एजेंसियों को कुछ नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ईडी की कार्रवाई सिर्फ उन्हीं राज्यों में क्यों हो रही है जहां भाजपा की सरकार नहीं है।

भाजपा पर लगाया एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

भगवंत मान ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक स्वार्थ के लिए ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स विभाग और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों का मकसद भ्रष्टाचार खत्म करना नहीं बल्कि विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाना है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा का संदेश साफ है कि या तो भाजपा में शामिल हो जाओ या फिर जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना करो। उन्होंने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके यहां छापेमारी हुई, लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद सब कुछ शांत हो गया और उन्हें सुरक्षा भी मिल गई।

पंजाब की तुलना गुरुओं और शहीदों की धरती से की

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और शहीदों की धरती है। उन्होंने कहा कि यह वही पंजाब है जो औरंगजेब जैसे शासकों के अत्याचारों के सामने नहीं झुका, इसलिए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी नहीं झुकेगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने पहले भी तीन कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष किया था और केंद्र सरकार को कानून वापस लेने पर मजबूर कर दिया था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अब उसी का बदला पंजाब से लिया जा रहा है।

बेअदबी विरोधी कानून पर सरकार का सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लागू किया गया सख्त बेअदबी विरोधी कानून पूरी तरह लागू रहेगा और इसे किसी भी दबाव में वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कानून श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी और सभी धार्मिक ग्रंथों की पवित्रता बनाए रखने के लिए बनाया गया है।

भगवंत मान ने कहा कि इस कानून को देश और विदेश की संगतों का भारी समर्थन मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ कुछ लोग राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह कानून पूरी तरह लागू हो चुका है और इसे रद्द करने का सवाल ही नहीं उठता।

भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की मिट्टी में हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारा हमेशा मजबूत रहा है और इसे तोड़ने की कोई कोशिश सफल नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश के लिए बड़ा योगदान दिया है। पंजाब देश का पेट भरता है और यहां के जवान सीमाओं की रक्षा करते हैं, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार राज्य के साथ भेदभाव कर रही है।

‘शुक्राना यात्रा’ को लेकर भी दिया बयान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी चल रही ‘शुक्राना यात्रा’ को लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा से ध्यान हटाने के लिए जानबूझकर ईडी की कार्रवाई और विवाद खड़े किए जा रहे हैं।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोग हर हाल में अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना जानते हैं। उन्होंने दोहराया कि चाहे कितना भी दबाव बनाया जाए, पंजाब कभी डरने वाला नहीं है और सरकार पूरी ईमानदारी से लोगों की सेवा करती रहेगी।