Punjab में इस पोर्टल के जरिए संपत्ति कर की चोरी पर लगेगी रोक
Punjab News: पंजाब की मान सरकार (Mann Government) ने संपत्ति कर प्रणाली में पारदर्शिता और सटीकता लाने के लिए जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (GIS) आधारित ‘वनमैप पंजाब पोर्टल’ (OneMap Punjab Portal) तैयार कर लिया है। इसे इसी महीने आम जनता के लिए लॉन्च किया जाएगा। इस पोर्टल (Portal) के जरिए न केवल संपत्ति कर (Property Tax) चोरी पर रोक लगेगी, बल्कि लोगों को भविष्य की योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी एक ही मंच पर मिल सकेगी। पढ़िए पूरी खबर…

10 लाख संपत्तियों का हुआ ड्रोन सर्वे
आपको बता दें कि वनमैप पोर्टल (OneMap Portal) को पंजाब म्युनिसिपल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी ने नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) की मदद से तैयार किया है। इसके लिए हाल ही में राज्यभर में 10 लाख संपत्तियों का GIS बेस्ड सर्वे ड्रोन के माध्यम से पूरा किया गया। अभी तक कई लोग अपने मकान की गलत कैटेगरी बताकर टैक्स से बचते रहे हैं जैसे व्यावसायिक संपत्ति को आवासीय दिखाना। लेकिन अब इस डिजिटल मैपिंग से ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
ये भी पढ़ेंः Punjab सरकार ने बढ़ाई मेडिकल ऑफिसर भर्ती की डेडलाइन, इस दिन होगा एग्जाम
लोगों को मिलेंगी ये सुविधाएं
- लोग पोर्टल पर अपने क्षेत्र की सुविधाएं जैसे अस्पताल, स्कूल, पार्क आदि की जानकारी देख सकेंगे।
- ट्रैफिक और क्राइम रेट की लाइव जानकारी भी मिल सकेगी।
- किसी भी शिकायत जैसे पानी, सीवरेज, बिजली आदि की सटीक लोकेशन दर्ज की जा सकेगी, जिससे समस्या के समाधान में तेजी आएगी।
- पोर्टल पर करदाता यह भी देख सकेंगे कि उन्होंने कितना संपत्ति कर जमा किया और कितना बाकी है।
- यूजर खुद भी पोर्टल पर संपत्ति से जुड़ी जानकारी को अपडेट कर सकेंगे, बशर्ते लोकेशन एक्सेस की अनुमति दी जाए।
सरकार को होंगे ये लाभ
- टैक्स चोरी पर रोक लगने से राजस्व में बढ़ोतरी होगी।
- जीआईएस डेटा के आधार पर नई योजनाओं और नीतियों का खाका बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा।
- ग्रीन एरिया की स्थिति को चिह्नित कर हरियाली बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।
- जल और सीवरेज पाइपलाइन की सही जानकारी मिलने से इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किया जा सकेगा।
GIS आधारित डिजिटल मास्टर प्लान
सरकार ने GIS आधारित डिजिटल मास्टर प्लान भी तैयार किया है, जिसे वनमैप पोर्टल (OneMap Portal) के साथ जोड़ा जाएगा। इससे लोग स्कूल, विश्वविद्यालय, हाईवे, और इंडस्ट्री जैसी परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जो निवेश के फैसले लेने में सहायक होगा।
क्या है GIS सर्वे?
जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (GIS) एक भौगोलिक सूचना प्रणाली है, जो संरचनात्मक डेटाबेस पर आधारित होती है। यह वीडियो, भौगोलिक फोटोग्राफ, और ड्रोन सर्वे के जरिए सटीक जानकारी प्रदान करती है। पंजाब में ड्रोन से नगर निगम क्षेत्रों का सर्वे कर 10 लाख संपत्तियों का डेटाबेस तैयार किया गया है।
ये भी पढ़ेंः Punjab में शिक्षा क्रांति: आप सरकार के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों के शानदार परिणाम- CM Mann
पारदर्शिता और राजस्व वृद्धि पर जोर
स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तेजवीर सिंह (Tejveer Singh) ने कहा, ‘वनमैप पोर्टल से संपत्ति कर संग्रह में पारदर्शिता आएगी और राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह पंजाब सरकार (Punjab Government) की जनहितकारी योजनाओं का हिस्सा है, जो नागरिकों और प्रशासन दोनों के लिए लाभकारी है।’
