Punjab News: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी अगुवाई में पंजाब के उद्योग और व्यापार को और प्रोत्साहन देने तथा राज्य में उच्च आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त करने के लिए इंफोसिस लिमिटेड अपने कारोबार का विस्तार करने हेतु मोहाली में लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 2500 व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और 210 व्यक्तियों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि इंफोसिस लिमिटेड 2017 से मोहाली में मौजूद है और इस समय यहां लगभग 900 कर्मचारी काम कर रहे हैं। अपने कारोबार को बढ़ाने और स्थानीय प्रतिभा को प्रभावी ढंग से लाभ पहुंचाने के लिए कंपनी न सिर्फ चरणबद्ध तरीके से अपने कार्यों का विस्तार कर रही है बल्कि इससे सतत विकास और बड़े पैमाने पर क्षेत्रीय भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि फेज़ 1 योजना के तहत इंफोसिस लिमिटेड 3,00,000 वर्ग फुट के कुल निर्माण क्षेत्र के साथ दफ्तर और अन्य भवनों का विस्तार करेगी। सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की तिथि से अनुमानित समयसीमा 3 वर्ष होगी। यह इमारत पर्यावरण अनुकूल होगी और LEED प्लेटिनम ग्रेड के रूप में प्रमाणित की जाएगी, जो कि किसी भवन को दिया जाने वाला सबसे ऊँचा ग्रेड है। इसका निर्माण कार्य 5 नवंबर को गुरुपुरब के शुभ अवसर पर शुरू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Punjab: ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ का 208वां दिन: पंजाब पुलिस ने 8.7 किलो हेरोइन और 5 किलो अफ़ीम सहित 91 नशा तस्कर किए काबू
इसी प्रकार, उन्होंने कहा कि फेज़ 2 योजना के तहत कंपनी 4,80,000 वर्ग फुट के कुल निर्माण क्षेत्र के साथ दफ्तरों और अन्य सहायक इमारतों का विस्तार करेगी। इसके पूर्ण होने की अनुमानित समयसीमा 5 वर्ष होगी, जो फेज़ 1 की सफलतापूर्वक पूर्णता और सभी आवश्यक नियामक व कानूनी अनुमतियाँ प्राप्त होने के बाद शुरू होगी। इंफोसिस लिमिटेड ने मोहाली में इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लागू करने के लिए दिए गए सभी सहयोग हेतु पंजाब सरकार, इन्वेस्ट पंजाब और गमाडा का हार्दिक धन्यवाद किया और कहा कि हम प्रस्तावित विकास को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन्वेस्ट पंजाब के सी.ई.ओ. अमित ढाका (आई.ए.एस.), पंजाब विकास परिषद की वाइस-चेयरपर्सन श्रीमती सीमा बंसल, रीजनल हेड इन्फ्रास्ट्रक्चर इंफोसिस अमोल रमेश कुलकर्णी और ब्रांच डेवलपमेंट सेंटर इंफोसिस के हेड डॉ. समीर गोयल मौजूद थे।
