कैबिनेट मंत्रियों ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समारोहों के लिए दिया औपचारिक निमंत्रण
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की दी जानकारी
एम.के. स्टालिन ने गुरु साहिब के अमन, शांति, दया और एकता के सार्वभौमिक संदेश के प्रसार हेतु मान सरकार के प्रयासों की सराहना की
Punjab News: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से भेंट की और उन्हें गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी से संबंधित राज्यस्तरीय आयोजनों में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। कैबिनेट मंत्रियों ने एम.के. स्टालिन को इस ऐतिहासिक अवसर को गहरी श्रद्धा के साथ मनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा तैयार की गई विस्तृत योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इन आयोजनों के दौरान गुरु साहिब द्वारा धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता के सम्मान की रक्षा हेतु दी गई अद्वितीय शहादत को याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहीदी समारोह 25 अक्तूबर को दिल्ली के गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में अरदास से शुरू होंगे, जिसके बाद पूरे पंजाब में धार्मिक समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं को प्रदर्शित करने वाले लाइट एंड साउंड शो सभी 23 जिलों में आयोजित होंगे, जबकि गुरु साहिब जी के चरणों से पवित्र 130 स्थलों पर कीर्तन दरबार और धार्मिक सभाएं होंगी।
ये भी पढ़े: Punjab: सुई-धागे’ की ताकत से अब हर हाथ को मिलेगा पक्का रोज़गार
मंत्रियों ने आगे बताया कि श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) तथा पंजाब के गुरदासपुर, फरीदकोट और तख्त दमदमा साहिब से चार नगर कीर्तन रवाना होंगे, जो 22 नवंबर को आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि 23 से 25 नवंबर तक होने वाले मुख्य आयोजनों में अखंड पाठ साहिब, सर्व-धर्म सम्मेलन, पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र और विशाल कीर्तन दरबार शामिल होंगे। आनंदपुर साहिब में प्रतिदिन आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए “चक नानकी” नामक एक विशाल टेंट सिटी भी तैयार की जा रही है।
ये भी पढ़े: Punjab: स्पीकर द्वारा महान योद्धा बाबा बंदा सिंह बहादुर को उनके जन्म दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान विरासत को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने के लिए पंजाब सरकार की इस धार्मिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन आयोजनों से पूरी दुनिया में एकता, करुणा और सार्वभौमिक भाईचारे का अमर संदेश जाएगा। उन्होंने इन समारोहों की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि ये आयोजन पूरे देश में गुरु साहिब जी के शांति, समानता और सत्य के उपदेशों को फैलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु आनंदपुर साहिब पहुंचकर गुरु साहिब जी की पावन बाणी और जीवन से प्रेरणा प्राप्त करेंगे।
