Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ में VB-GRAMJI योजना लागू, ग्रामीण श्रमिकों की दिहाड़ी बढ़कर हुई 300 रुपये प्रतिदिन

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर, 1 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-GRAMJI) लागू होते ही ग्रामीण श्रमिकों को बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार राज्य में अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं।

राज्य सरकार ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और प्रदेशभर में श्रमिकों ने इस नई योजना का उत्साहपूर्वक स्वागत किया है।

मजदूरी में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी

नई व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ के ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी में लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत लाखों श्रमिकों की आय बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने विभिन्न राज्यों के लिए संशोधित मजदूरी दरें अधिसूचित की हैं, जिनके तहत छत्तीसगढ़ में अकुशल श्रमिकों के लिए 300 रुपये प्रतिदिन की नई मजदूरी निर्धारित की गई है।

2 जुलाई को होगा प्रदेश स्तरीय शुभारंभ

योजना का औपचारिक शुभारंभ 2 जुलाई 2026 को आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।

छत्तीसगढ़ में इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में आयोजित किया जाएगा, जिसमें उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे।

ग्रामीण श्रमिकों में उत्साह

VB-GRAMJI योजना लागू होने के साथ ही प्रदेशभर के कार्यस्थलों पर श्रमिकों में उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इसका लाभ उठा सकें।

नई मजदूरी दर और विस्तारित रोजगार गारंटी के साथ यह योजना ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।