Chhattisgarh News: रायपुर, 1 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनदर्शन कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिले के विकासखंड लखनपुर की ग्राम पंचायत परसोंडी पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन शासन और जनता के बीच भरोसे का माध्यम: मंत्री
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे सरकार के समक्ष रख सकते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिलती है।
जनसेवा और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उनका बिना देरी निराकरण किया जाए।
ग्रामीणों ने जताया आभार
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राजेश अग्रवाल के सरल और संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। लोगों ने कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
इस कार्यक्रम ने शासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास और जनभागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करने का काम किया।
