विजिलेंस ने जब्त की 2.1 करोड़ रुपये की रकम
Odisha News: ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग (Vigilance Department) की कार्रवाई ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। ताजा मामला ग्रामीण विकास विभाग (Rural Development Department) के चीफ इंजीनियर बैकुंठ नाथ सारंगी का है, जिन पर आय से अधिक संपत्ति रखने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। विजिलेंस की टीम ने उनके आवास समेत 7 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें अब तक 2.1 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि छापे के दौरान इंजीनियर (Engineer) ने नोटों की गड्डियां खिड़की से फेंक दीं। देखिए पूरा वीडियो…
खिड़की से उड़ाए 50 लाख के नोट, वीडियो वायरल
भुवनेश्वर के पीडीएन एक्सोटिका अपार्टमेंट में विजिलेंस टीम (Vigilance Team) की रेड के दौरान बैकुंठ नाथ सारंगी ने घबराकर 50 लाख रुपये की नकदी अपने पड़ोसी की छत पर फेंक दी। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अधिकारियों को इस नकदी को बरामद करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ये भी पढ़ेंः Delhi: सॉफ्टवेर इंजीनियर ने 1 साल में 5.5 लाख से 45 लाख रुपये करवा ली सैलरी, खबर वायरल

रिटायरमेंट के दिन ही हुई गिरफ्तारी
दिलचस्प बात यह रही कि शनिवार को ही सारंगी 34 साल की सरकारी सेवा से रिटायर होने वाले थे। लेकिन उसी दिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई और उन्हें जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह साल 2025 में Class-I अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का 61वां मामला है।
15 करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति का शक
प्रारंभिक जांच में विजिलेंस को यह जानकारी मिली है कि सारंगी के पास लगभग 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति हो सकती है। उनके निवेश का भी ब्योरा सामने आया है, जिसमें शेयर बाजार में 2.7 करोड़ रुपये और बीमा-बैंक खातों में 1.5 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।
इन ठिकानों पर हुई छापेमारी
- अंगुल के करदगड़िया स्थित दो मंजिला मकान
- भुवनेश्वर का पीडीएन एक्सोटिका अपार्टमेंट
- पुरी जिले के पिपिली में सिउला गांव का फ्लैट
- अंगुल के शिक्षकपाड़ा में एक रिश्तेदार का घर
- अंगुल के लोकेईपासी गांव में पैतृक मकान
- मटियासाही में दो मंजिला पैतृक मकान
- भुवनेश्वर में आरडब्ल्यू विभाग का मुख्य अभियंता कार्यालय
नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीनें
अंगुल स्थित मकान से भी 1.1 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी को गिनने के लिए नोट गिनने की मशीनों की मदद ली जा रही है। टीम में 8 डीएसपी, 12 इंस्पेक्टर, 6 एएसआई सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
अब बैंक खाते और निवेश होंगे खंगाले
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार अब सारंगी के बैंक खाते, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और अन्य वित्तीय स्रोतों की भी गहन जांच की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ेंः AIIMS Report: बच्चों के वजन को लेकर एम्स दिल्ली का चौंकाने वाला खुलासा, पेरेंट्स जरूर पढ़ें
यह कार्रवाई ओडिशा सरकार (Odisha Government) की ‘जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन’ नीति के तहत की गई है। अब सभी की नजरें विजिलेंस विभाग की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि सारंगी के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होगी।
