MP News: मध्यप्रदेश के CM डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम इंदौर पहुंचकर शहर की बहुप्रतीक्षित मेट्रो रेल परियोजना का निरीक्षण किया।
MP News: मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने शनिवार शाम इंदौर पहुंचकर शहर की बहुप्रतीक्षित मेट्रो रेल परियोजना (Metro Rail Project) का निरीक्षण किया। उन्होंने गांधीनगर स्थित नवनिर्मित देवी अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन का दौरा कर मेट्रो संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने खुद मेट्रो ट्रेन में सफर किया और यात्रियों के अनुभव साझा किए।

आपको बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण महा सम्मेलन’ के अवसर पर वर्चुअली इंदौर मेट्रो के पहले चरण का लोकार्पण किया। यह परियोजना देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती को समर्पित की गई है।
ये भी पढ़ेंः MP News: मध्यप्रदेश की सड़कों पर दिखी नारी शक्ति की गूंज, CM मोहन यादव ने ‘अहिल्या वाहिनी’ को दिखाई हरी झंडी
लोकमाता की प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि
सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने स्टेशन पर पहुंचते ही देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मेट्रो ट्रेन में सवार होकर अहिल्याबाई स्टेशन से झलकारी बाई स्टेशन तक यात्रा की और फिर लौटकर उसी स्टेशन पहुंचे।

इंजन कॉकपिट और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
यात्रा के दौरान सीएम यादव ने इंजन कॉकपिट का अवलोकन किया और ट्रेन संचालन से जुड़ी तकनीकी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मेट्रो ट्रेन में सफर कर रहीं महिला यात्रियों से उन्होंने बातचीत की और उनके अनुभव भी सुने। अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा में सीएम ने यात्री सुविधाएं, संरचना और संचालन प्रक्रिया की सराहना की।
मेट्रो के पहले चरण में 6 किमी लंबी येलो लाइन
इंदौर मेट्रो के पहले चरण की येलो लाइन करीब 6 किलोमीटर लंबी है और इसे अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। करीब 1520 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में एक ट्रेन में 900 से अधिक यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, एआई आधारित ट्रैकिंग सिस्टम और क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा दी गई है, जिससे यात्रा स्मार्ट और सुविधाजनक बन सके।

एक हफ्ते तक मुफ्त यात्रा, फिर 20-30 रुपये का किराया
मेट्रो प्रशासन (Metro Administration) के मुताबिक, सेवा शुरू होने के पहले सप्ताह यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद दो स्टेशनों के बीच सामान्य किराया 20 रुपये और दो से अधिक स्टेशनों के लिए 30 रुपये तय किया गया है। यह सुविधा यात्रियों को तेज और सुलभ यात्रा प्रदान करेगी, साथ ही शहर के सड़कों पर ट्रैफिक लोड भी कम होगा।
ये भी पढ़ेंः MP News: CM मोहन यादव ने पन्ना को दिया बड़ा तोहफा, 90 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
कार्यक्रम में कई दिग्गज नेता और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, उषा ठाकुर, सुमित मिश्रा और श्रवण कुमार चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और कलेक्टर आशीष सिंह भी उपस्थित थे।
