Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों के महंगे किराए को लेकर उठे विवाद के बाद अब यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में किराए को लेकर हुई चर्चा के बीच IndiGo और Akasa Air ने कई रूट्स पर टिकट के दाम कम कर दिए हैं।
लखनऊ और बेंगलुरू के किराए में बड़ी कमी
पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए इंडिगो का किराया 4,981 रुपये दिख रहा था, जिसे अब घटाकर 3,394 रुपये कर दिया गया है। खास बात यह है कि अब यही किराया इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI Airport) से भी दिखाई दे रहा है।
वहीं बेंगलुरू के लिए अकासा एयर की टिकट, जो सोमवार को 8,532 रुपये में उपलब्ध थी, मंगलवार को घटकर करीब 6,500 रुपये रह गई।
महंगे किराए से नाराज थे यात्री
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शुरू होने से पहले लोगों को उम्मीद थी कि दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ सस्ती उड़ानें मिलेंगी।
लेकिन जब इंडिगो और बाद में अकासा एयर ने अपने शुरुआती फ्लाइट शेड्यूल और किराए जारी किए, तो कई शहरों के लिए किराया IGI एयरपोर्ट की तुलना में अधिक निकला। इसमें मुंबई, जम्मू, बेंगलुरू और लखनऊ जैसे प्रमुख शहर शामिल थे।
इस वजह से सोशल मीडिया पर एयरलाइंस कंपनियों की आलोचना शुरू हो गई और यात्रियों ने सवाल उठाए कि नया एयरपोर्ट होने के बावजूद किराया ज्यादा क्यों रखा गया।
घरेलू यात्रियों को देना होगा 490 रुपये यूडीएफ
एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) भी तय कर दी है।
- घरेलू प्रस्थान यात्रियों के लिए: 490 रुपये
- अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान यात्रियों के लिए: 980 रुपये
- घरेलू आगमन यात्रियों के लिए: 210 रुपये
- अंतरराष्ट्रीय आगमन यात्रियों के लिए: 420 रुपये
यह शुल्क 2026-27 की अवधि के लिए लागू रहेगा।
एईआरए के अनुसार एयरपोर्ट ऑपरेटर ने घरेलू यात्रियों के लिए 653 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1200 रुपये यूडीएफ का प्रस्ताव दिया था, लेकिन नियामक संस्था ने इसे कम कर दिया।
15 जून से शुरू होगा व्यावसायिक संचालन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होने जा रहा है। एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
हालांकि शुरुआती किराए को लेकर विवाद के बाद अब एयरलाइंस द्वारा किराए में कटौती को यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
