MP News: मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
MP News: मध्य प्रदेश में सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए महिलाएं (Women) न केवल अपना व्यवसाय शुरू कर रही हैं, बल्कि लखपति बनकर दूसरों को रोजगार भी दे रही हैं। सरकार एक ही प्लेटफॉर्म पर 50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, ऋण और सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, जिससे महिला उद्यमिता को नई पहचान मिल रही है। पढ़िए पूरी खबर…

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से स्टार्टअप को बढ़ावा
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना महिलाओं को अपना स्टार्टअप शुरू करने का सुनहरा अवसर देती है। 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं इस योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का प्रोजेक्ट लोन ले सकती हैं। इसके साथ ही सरकार द्वारा प्रोजेक्ट लागत पर 30 प्रतिशत तक मार्जिन मनी अनुदान भी दिया जाता है। इस योजना के माध्यम से हजारों महिलाएं बुटीक, फूड यूनिट और कारीगरी आधारित छोटे उद्योग सफलतापूर्वक चला रही हैं।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना बनी गेम चेंजर
महिला उद्यमियों के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना को सबसे प्रभावी माना जा रहा है। इस योजना में 1 लाख से 50 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है। खास बात यह है कि सरकार 3 प्रतिशत तक ब्याज सब्सिडी देती है, जिससे महिलाओं पर आर्थिक बोझ कम होता है। यह योजना व्यापार, सेवा क्षेत्र, मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल स्टार्टअप के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।

लाडली बहना उद्यमिता योजना से छोटे कारोबार को सहारा
सीएम मोहन यादव सरकार की लाडली बहना उद्यमिता योजना महिलाओं को छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने में मदद कर रही है। इस योजना के तहत महिलाओं को आसान ऋण, बिजनेस ट्रेनिंग, मार्केट लिंक और उत्पाद बिक्री में सहयोग मिलता है। इस पहल से हजारों महिलाओं ने किचन उद्योग, ब्यूटी पार्लर, पापड़-नमकीन यूनिट और घरेलू खाद्य प्रसंस्करण जैसे व्यवसाय शुरू किए हैं।
आजीविका मिशन से गांव-शहर की महिलाएं आत्मनिर्भर
आजीविका मिशन शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस योजना के अंतर्गत स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाता है, जबकि महिला स्व-सहायता समूहों (SHG) को 10 लाख रुपये तक की सहायता मिलती है। मिशन के तहत महिलाओं को स्किल डेवलपमेंट, बैंक खाता खोलने और प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने में भी सहयोग दिया जाता है।

ये भी पढ़ेंः MP News: CM मोहन यादव के 2 साल के नेतृत्व में बदली तस्वीर, एमपी में विकास को मिला नया आयाम
महिला शक्ति उद्यम योजना से मिला बाजार से जुड़ाव
प्रधानमंत्री महिला शक्ति उद्यम सहायता योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को उद्योग स्थापित करने में विशेष सहायता प्रदान कर रही है। इसमें 1 लाख से 20 लाख रुपये तक का आसान लोन और 25 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। इसके साथ ही महिलाओं को डिजिटल ट्रेनिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ई-कॉमर्स के माध्यम से मार्केट एक्सेस की सुविधा भी मिलती है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज
मुख्यमंत्री स्वरोजगार, उद्यम क्रांति और महिला शक्ति उद्यम योजना के लिए जनसमर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं, आजीविका मिशन के लिए नगर पालिका और जनपद पंचायत कार्यालय से संपर्क किया जाता है। लाडली बहना उद्यमिता योजना का पंजीयन महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से होता है। सभी योजनाओं के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट फोटो, निवास और आय प्रमाण पत्र तथा प्रोजेक्ट रिपोर्ट जरूरी होती है।
ये भी पढ़ेंः MP News: उज्जैन में महाकाल महोत्सव की तैयारियां शुरू, CM मोहन यादव की पहल से होगी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति
सही योजना से लखपति बनने का रास्ता
यदि महिलाएं छोटा व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं, तो लाडली बहना उद्यमिता योजना, आजीविका मिशन और महिला शक्ति उद्यम योजना सबसे उपयुक्त हैं। वहीं, बड़े प्रोजेक्ट, फैक्ट्री या मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना अधिक लाभकारी हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव की इन पहलों के चलते प्रदेश की महिलाएं तेजी से लखपति बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के सपने को साकार कर रही हैं।
