Jharkhand News: विजन 2050 को नई रफ्तार देने दिल्ली में जुटेंगे निवेशक और उद्योग जगत, AI से पर्यटन तक बनेगा विकास का रोडमैप

झारखंड
Spread the love

Jharkhand News: झारखंड सरकार राज्य के दीर्घकालिक विकास एजेंडा ‘विजन 2050’ को नई दिशा देने के लिए 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभागों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, नई नीतियों पर सुझाव लेना, नवाचार को बढ़ावा देना और राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

AI, उद्योग और पर्यटन पर रहेगा विशेष फोकस

इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश के नीति-निर्माता, उद्योगपति, निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ और विकास साझेदार शामिल होंगे। सरकार इस दौरान झारखंड एआई नीति, निवेश प्रोत्साहन नीति, पर्यटन नीति, टेक्सटाइल नीति, JIADA नियमावली, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) नीति और झारखंड फाउंडेशन से जुड़े ड्राफ्ट दस्तावेज जारी करेगी, जिन पर उद्योग जगत और अन्य हितधारकों से सुझाव लिए जाएंगे।

डिजिटल गवर्नेंस और आईटी सेक्टर पर होगी चर्चा

कार्यक्रम के पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर उच्च स्तरीय सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकें होंगी, जिनमें सरकार और आईटी, एआई तथा डिजिटल टेक्नोलॉजी क्षेत्र की कंपनियां संभावित साझेदारियों पर चर्चा करेंगी। ‘शेपिंग झारखंड्स AI फ्यूचर’ शीर्षक से विशेष सत्र में राज्य की प्रस्तावित एआई नीति और भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा। कई प्रमुख कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

निवेश और पर्यटन को मिलेगा नया मंच

दूसरे दिन का फोकस निवेश, समावेशी विकास और पर्यटन पर रहेगा। सरकार निवेशकों के सामने झारखंड की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधन, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को प्रस्तुत करेगी। औद्योगिक विकास को गति देने और नए निवेश आकर्षित करने के लिए कई रणनीतिक समझौते किए जाएंगे। साथ ही निवेशकों के लिए नई डिजिटल सेवाएं और पोर्टल भी लॉन्च किए जाएंगे, जिससे कारोबार करना और अधिक आसान हो सके।

वैश्विक निवेश और रोजगार पर सरकार की नजर

राज्य सरकार का मानना है कि यह आयोजन विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) दावोस और यूनाइटेड किंगडम की हालिया निवेश पहलों के बाद वैश्विक साझेदारियों को और मजबूत करेगा। सरकार का लक्ष्य झारखंड को सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस, औद्योगिक निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाना है। इस पहल से गुणवत्तापूर्ण निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है