Bihar News: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) ने 29 नई औद्योगिक परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के लिए लगभग 37.95 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की गई है। साथ ही उद्योगों की शीघ्र स्थापना और संचालन को बढ़ावा देने के लिए प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को भी मंजूरी दी गई है।
₹6,000 करोड़ के निवेश से मिलेगा औद्योगिक विकास को बढ़ावा
उद्योग विभाग के अनुसार स्वीकृत परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग ₹6,000 करोड़ के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा। इन परियोजनाओं से करीब 3,000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। सरकार का मानना है कि इससे बिहार की औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उद्योग मंत्री ने निवेशकों के बढ़ते भरोसे को बताया सकारात्मक संकेत
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ता औद्योगिक निवेश राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाएं बिहार को आधुनिक औद्योगिक और विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
निवेशकों को मिलेगी बेहतर आधारभूत सुविधाएं
उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, BIADA एवं आएडा कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित, समावेशी और सतत औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। BIADA के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सरल प्रक्रियाओं और निवेशक-अनुकूल नीतियों के जरिए उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।
कई प्रमुख क्षेत्रों में लगेंगी नई औद्योगिक इकाइयां
समिति द्वारा स्वीकृत परियोजनाएं एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजी, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, रासायनिक विनिर्माण, प्लास्टिक उत्पाद निर्माण, ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, फर्नीचर एवं फिक्स्चर, लिथियम-आयन बैटरी, कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) और जनरल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं।
इन परियोजनाओं से राज्य के औद्योगिक आधार का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इन औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित होंगी इकाइयां
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत नई औद्योगिक इकाइयां राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से आईए सिकंदरपुर, आईए हथुआ फेज-3, आईए फारबिसगंज, आईए लोहट फेज-1, आईए बरियारपुर और आईए फतुहा शामिल हैं।
प्रमुख कंपनियों को मिली स्वीकृति
जिन प्रमुख कंपनियों की परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, उनमें Ampera Life India Pvt. Ltd. (अब तक का सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव), Shri Shirdi Sainath Power Infratech Pvt. Ltd., Rungta Irrigation Ltd., M/S Pankaj Traders, Anvira Green Energy Pvt. Ltd., Sangam Industries, Kalayan Plasto Industries तथा Lisica Chemicals Pvt. Ltd. सहित कई अन्य कंपनियां शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बिहार में औद्योगिक निवेश को नई दिशा मिलेगी, विनिर्माण क्षेत्र मजबूत होगा और रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
