Uttarakhand News: उत्तराखंड में 187 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले- यह जनसेवा और जनता के विश्वास की जिम्मेदारी

उत्तराखंड
Spread the love

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों सहित कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है।

‘पद नहीं, कार्यशैली से होगी पहचान’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनता के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मान, विश्वास और त्वरित समाधान का अनुभव होना चाहिए।

डेढ़ लाख आवेदनों में 182 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए लगभग 1.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जो उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने चयनित युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और युवाओं का भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। आज 187 नए युवाओं के जुड़ने से यह अभियान और मजबूत हुआ है।

‘उत्तराखंड का दशक’ बनाने में युवाओं की होगी अहम भूमिका

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड को 21वीं सदी के तीसरे दशक का राज्य बताया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में नवचयनित अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है, लेकिन उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी अधिकारियों और कर्मचारियों की होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

ईमानदारी से काम करने वालों के साथ सरकार खड़ी

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ईमानदारी और निष्पक्षता से काम करने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के साथ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों से संविधान, कानून और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना किसी दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के प्रत्येक युवा को उसकी प्रतिभा और योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार के लिए उन्हें राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े।