5000 की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर को मिलेगी नई दिशा
Jharkhand News: झारखंड सरकार राज्य के आधारभूत ढांचे और विकास योजनाओं को गति देने के अपने संकल्प पर लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने सोमवार को रांची के धुर्वा में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर (Convention Center) का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस परियोजना को राज्यहित में प्रभावी रूप से उपयोग करने के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की जाए।

पांच हजार लोगों की क्षमता वाला होगा सेंटर
सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) को अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस कन्वेंशन सेंटर की विशेषता यह होगी कि इसमें एक साथ 5000 लोग बैठ सकेंगे। यह सेंटर रांची के विकास और भविष्य के आयोजनों की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा साबित होगा। सीएम सोरेन ने कहा कि यह सेंटर न केवल राजधानी बल्कि पूरे राज्य के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में उभर सकता है।
ये भी पढ़ेंः Jharkhand: RIMS-2 ज़मीन विवाद का मामला गरमाया, पूर्व CM चंपाई सोरेन हाउस अरेस्ट
अधूरी पड़ी परियोजना को मिलेगा जीवन
अधिकारियों ने सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) को बताया कि यह परियोजना साल 2018 में शुरू की गई थी लेकिन बाद में बीच में ही निर्माण कार्य रोक दिया गया। सरकार के इस निरीक्षण और निर्देश से अब इस अधूरी परियोजना को फिर से गति मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सभी कदमों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

राज्यहित में हो योजना का उपयोग
सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने अधिकारियों से कहा कि इस कन्वेंशन सेंटर की भविष्य में उपयोगिता को राज्य के हित में कैसे बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जाए, इस पर फोकस कर एक ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि इस सेंटर का उपयोग बड़े आयोजनों, सम्मेलनों और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता है, जिससे राज्य की प्रतिष्ठा और आमदनी दोनों बढ़ेंगी।
ये भी पढ़ेंः Jharkhand: 1.5 लाख किसानों को झारखंड सरकार की योजनाओं से मिला रोजगार
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, स्मार्ट सिटी सीईओ सूरज कुमार, जीएम राकेश नंदकुलियार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
