Noida: ग्रेटर नोएडा में विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर सामने आई है। सेक्टर अल्फा-1 स्थित रेलवे विहार में गंगाजल पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में शनिवार रात एक कार गिर गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक की जान बाल-बाल बच गई।
बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी के खुला था गड्ढा
जानकारी के अनुसार, गंगाजल पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क पर कई दिन पहले गहरा गड्ढा खोदा गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर लगाए गए थे। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को गड्ढा दिखाई नहीं दे रहा था।
इसी दौरान प्रमोद नामक युवक की कार सीधे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन चालक सुरक्षित बच गया।
क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई कार
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बाद में क्रेन की सहायता से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को बाहर निकालने का पूरा दृश्य देखा जा सकता है।
एक्टिव सिटिजन टीम ने प्राधिकरण पर उठाए सवाल
एक्टिव सिटिजन टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर को गड्ढा मुक्त बनाने के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। उनके अनुसार विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाए गए होते तो यह हादसा आसानी से टाला जा सकता था। उन्होंने जल विभाग, तकनीकी विभाग और संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
जांच और कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय निवासियों और एक्टिव सिटिजन टीम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा शहर में जहां भी खुदाई का कार्य चल रहा है, वहां तत्काल बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
