IGI AirPort: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है।
IGI AirPort: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI AirPort) तक पहुंचना और भी आसान और आरामदायक हो जाएगा। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने फ्लिक्सबस के साथ मिलकर एक नई लग्जरी बस (New Luxury Bus) सेवा शुरू की है, जो सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। पढ़िए पूरी डिटेल्स…

किफायती किराए में लग्जरी यात्रा
डायल ने विश्व की सबसे बड़ी इंटरसिटी बस सेवा प्रदाता कंपनी फ्लिक्सबस के साथ साझेदारी कर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आईजीआई एयरपोर्ट को जोड़ने वाली एक प्रीमियम बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा जल्द ही शुरू होगी और केवल 199 रुपये में यात्रियों को शानदार यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और यात्रियों की सुविधा को बढ़ाना है।
प्रीमियम सुविधाओं से लैस बसें
यह नई बस सेवा रियल-टाइम ट्रैकिंग, प्रशिक्षित कर्मचारी, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त सामान स्थान और आरामदायक रिक्लाइनिंग सीटों जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी। यात्रियों को नोएडा सेक्टर 16, बॉटनिकल गार्डन, गोल्फ कोर्स रोड, गौर सिटी, जेपी विशटाउन और परी चौक जैसे प्रमुख स्थानों से कनेक्टिविटी मिलेगी। ट्रैफिक की स्थिति के आधार पर यह यात्रा 130 से 180 मिनट में पूरी होगी।
ये भी पढ़ेंः Air India: एयर इंडिया का धमाकेदार ऑफर, कम पैसे बैंकॉक, दुबई, सिंगापुर, हांगकांग की सैर
आईजीआई एयरपोर्ट की बढ़ती लोकप्रियता
डायल का कहना है कि आईजीआई एयरपोर्ट पर 20 प्रतिशत यात्री सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं, जो इसे भारत का सबसे अच्छी तरह से जुड़ा हुआ एयरपोर्ट बनाता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद भी आईजीआई को यात्रियों की पहली पसंद बनाए रखने के लिए यह सेवा शुरू की गई है। यह पहल नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को विश्वसनीय और शानदार परिवहन विकल्प प्रदान करेगी।
वैश्विक स्तर की कनेक्टिविटी
आईजीआई एयरपोर्ट, जो सालाना 10 करोड़ से अधिक यात्रियों को सेवा देने की क्षमता रखता है, इस नई बस सेवा के साथ अपनी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को और मजबूत करेगा। डायल का दावा है कि इस सेवा के शुरू होने से आईजीआई एयरपोर्ट हीथ्रो, चार्ल्स दे गाल, बर्लिन ब्रैंडेनबर्ग, वियना और एम्स्टर्डम शिपहोल जैसे वैश्विक एयरपोर्ट्स की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जो लग्जरी परिवहन समाधान प्रदान करते हैं।
DIAL और FlixBus के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्या कहा?
डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि फ्लिक्सबस के साथ यह रणनीतिक साझेदारी हवाई यात्रा और शहरी परिवहन के बीच की दूरी को कम करने का प्रयास है। यह पहल निजी वाहनों पर निर्भरता कम करके कार्बन उत्सर्जन को कम करने, शहर की सड़कों को जाम से मुक्त करने और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी में नए मानक स्थापित करने की दिशा में एक कदम है।
ये भी पढ़ेंः Noida: पानी के बिल का लिंक, क्लिक करते ही अकाउंट हो जाएगा खाली!
फ्लिक्सबस इंडिया की प्रबंध निदेशक सूर्या खुराना ने कहा कि उनकी आधुनिक बसें विशाल रिक्लाइनिंग सीटों और आन-बोर्ड सुविधाओं के साथ हर यात्रा को आरामदायक और आनंददायक बनाएंगी। यह सेवा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों के लिए एक विश्वस्तरीय परिवहन अनुभव सुनिश्चित करेगी।
