Heat Wave: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिले इन दिनों हीटवेव की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने 33 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
बांदा में 46.4 डिग्री पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटों में बुंदेलखंड का बांदा जिला देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा झांसी में 44.6°C, प्रयागराज में 44.5°C और हमीरपुर में 44.2°C तापमान दर्ज किया गया।
देश के सबसे गर्म 24 शहरों में उत्तर प्रदेश के चार जिले शामिल रहे, जिससे प्रदेश में गर्मी की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी, दोपहर में बाहर न निकलें
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 19 से 23 मई के बीच प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा और तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकांश हिस्सों में लू चलेगी। उन्होंने कहा कि हल्के सूती कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पीते रहें और लंबे समय तक धूप में रहने से बचें।
सीएम योगी ने अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने अधिकारियों से कहा है कि संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी रखी जाए और राहत-बचाव की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वाराणसी और लखनऊ में भी बढ़ी गर्मी
वाराणसी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और अगले दो दिनों में पारा 47 डिग्री तक जाने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
लखनऊ में भी सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में तापमान 43 डिग्री के आसपास रह सकता है। विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मेरठ और गाजियाबाद में हीटवेव का असर
मेरठ में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान है, जबकि गाजियाबाद में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय ही तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया और दिन में तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
गर्मी से राहत देने के लिए प्रशासन सक्रिय
प्रदेश के कई शहरों में प्रशासन गर्मी से राहत देने के प्रयास कर रहा है। कानपुर में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। प्रयागराज में पुलिस लाइन के अस्तबल में घोड़ों के लिए कूलर लगाए गए हैं, जबकि गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथियों को बार-बार नहलाया जा रहा है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
19 मई
हल्के बादल छा सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दोपहर में लू चलेगी।
20 मई
पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
21 मई
पूर्वांचल के कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी जारी रहेगी।
22 मई
पश्चिमी यूपी में तेज धूप और लू का असर रहेगा। पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
23 मई
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पूर्वांचल में बारिश के आसार हैं।
मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। अनुमान है कि 18 जून के आसपास मानसून गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह संभावित तिथि है और इसमें बदलाव संभव है।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस साल अल नीनो जैसी परिस्थितियों के कारण मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है, जिससे उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।
