CM नायब सिंह सैनी ने कहा- सरकार की पारदर्शी नीतियों से हरियाणा कर रहा है तीव्र प्रगति
मुख्यमंत्री का विपक्ष पर निशाना, न कोई नेता, न कोई नियत
मुख्यमंत्री ने अंबाला शहर में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और हरियाणा में डबल इंजन सरकार लगातार लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। जिस प्रकार देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों व गारंटियों पर भरोसा जता रही है, उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि 2029 में लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भी केंद्र व हरियाणा में हमें एक बार फिर जनसेवा का अवसर मिलेगा।
ये भी पढ़ेः Haryana News: CM नायब सैनी ने नई दिल्ली में PM मोदी से की मुलाकात

मुख्यमंत्री शुक्रवार को अंबाला शहर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ट्वीट पार्टी बनकर रह गई है, उनका न कोई नेता है, न कोई नियत है, जबकि वर्तमान राज्य सरकार निरंतर जन कल्याण के लिए अभूतपूर्व निर्णय लेते हुए लोगों के जीवन को सरल व खुशहाल बनाने का काम कर रही है।
उन्होंने दिल्ली चुनावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में लोगों ने आप पार्टी को सत्ता से बाहर करने का काम किया है, उसी प्रकार पंजाब में भी लोग आप पार्टी को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे।
पहले 100 दिनों में ही संकल्प पत्र के 18 संकल्पों को किया पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने पहले 100 दिन में संकल्प पत्र के 18 महत्वपूर्ण फैसले लेते हुए जनता को इसका लाभ देने का काम किया है और 10 फैसले ऐसे हैं जिनमें प्रशासनिक अप्रूवल मिलते ही इसका लाभ भी जनता को देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पताल, मेडिकल कालेज व पीजीआई में डायलिसिस की निःशुल्क सुविधा मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही है। 25 हजार युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी दी गई है।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश में हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जहां पर किसानों की सभी फसले एमएसपी पर खरीदने का काम किया जा रहा है। इतना ही नहीं 2004 के कलेक्टर रेट लेकर ऐसे किसान जो काफी समय में कास्त कर रहे थे, उन्हें मालिकाना हक दिलवाने का काम किया गया है, कई हजार किसानों को इसका फायदा हुआ है। इसी प्रकार 20 साल से यदि किसी व्यक्ति का पंचायती भूमि पर मकान का कब्जा है, उसे भी 2004 के कलेक्टर रेट लेकर उसे मालिकाना हक दिलवाने का काम किया गया है। एक-एक काम को चिन्हित करके लोगों को इसका लाभ दिलवाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये देने की घोषणा पर भी कार्य किया जा रहा है और 7 मार्च को बजट सत्र आयोजित किया जा रहा है। बजट में इसके लिए प्रावधान किया जाएगा।
विपक्ष के पास नहीं कोई मुद्दा, विपक्ष के नेता झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे– मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने जिला फतेहाबाद के जाखल में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार की नीति सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर आधारित है। सरकार ने बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब वर्गों के लिए कई लाभकारी योजनाएं चलाई हैं।

बुढ़ापा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना, किसान सम्मान निधि और रोजगार के अवसर प्रदान कर हर वर्ग का कल्याण किया है। सरकार की पारदर्शी नीतियों और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के कारण ही हरियाणा तीव्र गति से प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने जिला फतेहाबाद के जाखल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास को नई गति दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने सभी वर्गों के विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।

विपक्ष के पास नहीं कोई मुद्दा, विपक्ष के नेता झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष के नेता झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता दुष्प्रचार करते हुए कह रहे हैं कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए।
जबकि वास्तविकता है कि राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले 100 दिनों में ही संकल्प पत्र के 18 वायदों को पूरा करने का काम किया है और 10 अन्य वायदों पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार के गठन के साथ ही किडनी मरीजों को मुफ्त डायलिसिस सुविधा देने के वायदे को पूरा किया गया।
इसके साथ ही हर घर गृहणी योजना के तहत प्रदेश में 15 लाख परिवारों को 500 रुपए में सिलेंडर दिया जा रहा है। सभी पात्र परिवारों को जिनकी आय सालाना 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है, उन्हें इस योजना से जोड़कर 500 रुपए में सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र के अनुसार पात्र परिवारों को प्लॉट दिए है। इसके अलावा पट्टेदारो को जमीन का मालिकाना हक दिया गया है।
ये भी पढ़ेः Haryana: CM नायब सैनी ने महाशिवरात्रि पर किया भगवान शिव का जलाभिषेक
पंचायती जमीन पर जिनके मकान 20 साल से ज्यादा समय से बने हुए हैं उन्हें भी मकानों का मालिकाना हक दिया। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने युवाओं की सरकारी नौकरी का रिजल्ट रुकवा दिया था। लेकिन मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ बाद में ली पहले 25 हजार युवाओं को नौकरी देने का काम किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
