Noida: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 इलाके में हुए एक गंभीर सड़क हादसे में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हादसा उसी जगह हुआ, जहां कुछ दिन पहले एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, लेकिन इसके बावजूद वहां कोई पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।
हादसे वाली जगह पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं
घटना स्थल के पास स्थित यूरेका सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, न बैरियर और न ही बाउंड्री। निर्माण स्थल पर लगाए जाने वाले नीले रंग के कवर या अन्य सुरक्षा संकेतक भी नहीं थे, जिससे यह इलाका लोगों के लिए लगातार खतरे का कारण बना हुआ था।
Greater Noida: धुंध और अंधेरे में गहरे गड्ढे में गिरा युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक सॉफ्टवेयर इंजीनियर रात के समय सड़क से गुजर रहा था। धुंध और कम दृश्यता के कारण वह सड़क किनारे बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। बताया गया कि यह गड्ढा करीब 70 फीट गहरा था, जिसकी कोई जानकारी या चेतावनी वहां मौजूद नहीं थी।
राहत और बचाव में देरी का आरोप
हादसे की सूचना मिलने के बाद भी राहत और बचाव कार्य में काफी देरी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। इसी देरी को भी लोगों ने प्रशासन की लापरवाही बताया है।
Noida: कैंडल मार्च निकालकर लोगों ने जताया विरोध
रविवार शाम बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मृतक को श्रद्धांजलि दी। लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रखा और न्याय की मांग की। मार्च के दौरान “जस्टिस फॉर सॉफ्टवेयर इंजीनियर”, “नेग्लिजेंस टुक अ लाइफ” और “डिफेक्टिव सिक्योरिटी सिस्टम” जैसे पोस्टर भी हाथों में लिए गए।
Greater Noida: पहले ट्रक हादसे के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ दिन पहले इसी स्थान पर एक ट्रक का भी एक्सीडेंट हुआ था। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि अगर उसी समय सुरक्षा इंतजाम कर दिए गए होते तो यह हादसा रोका जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने उठाए गंभीर सवाल
स्थानीय निवासी अनीता शुक्ला, सरिता और नेहा ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि हाईटेक शहर कहे जाने वाले ग्रेटर नोएडा में इस तरह की असुरक्षित स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषी एजेंसियों की पहचान और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
कार्रवाई के बाद जेई निलंबित
मामला बढ़ने के बाद नोएडा प्राधिकरण हरकत में आया। प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के मामले में तत्काल विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण के ट्रैफिक सेल के जेई नवीन कुमार को निलंबित कर दिया गया। साथ ही सेक्टर-150 की देखरेख के लिए जिम्मेदार अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
