Noida

Noida: नोएडा अथॉरिटी की प्लॉट स्कीम लॉंच, ख़बर में पूरी डिटेल जानिए

दिल्ली NCR नोएडा
Spread the love

Noida: नोएडा प्राधिकरण ने एक साथ कई बड़ी भूखंड योजनाओं की शुरुआत कर दी है। इस बार इंडस्ट्रियल, कॉर्पोरेट, अस्पताल, नर्सिंग होम, स्कूल और कॉमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए अलग-अलग सेक्टरों में प्लॉट निकाले गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए शहर में उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इच्छुक लोग 19 मई से आवेदन कर सकेंगे।

प्राधिकरण के अनुसार, सभी स्कीमों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवेदकों को 9 जून शाम 5 बजे तक ईएमडी यानी अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट जमा करनी होगी। इसके बाद 11 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ई-ऑक्शन और बोली की प्रक्रिया शुरू होगी। जिस व्यक्ति या कंपनी की बोली रिजर्व प्राइज से अधिक होगी, उसी को प्लॉट आवंटित किया जाएगा।

इंडस्ट्रियल प्लॉट में लग सकेंगी फैक्ट्रियां और प्रोसेसिंग यूनिट

नोएडा प्राधिकरण ने इंडस्ट्रियल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कुल 19 औद्योगिक प्लॉट निकाले हैं। इन प्लॉट्स पर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, प्रोसेसिंग यूनिट और अन्य औद्योगिक गतिविधियां शुरू की जा सकेंगी। प्राधिकरण का मानना है कि इससे नए निवेश आएंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

ये इंडस्ट्रियल प्लॉट सेक्टर-3, 6, 7, 9, 10, HC, 164, 80, फेज-2, 162 और 67 में स्थित हैं। प्लॉट का आकार छोटे और बड़े दोनों तरह के निवेशकों को ध्यान में रखते हुए रखा गया है। इनका क्षेत्रफल 115 वर्गमीटर से लेकर 7997 वर्गमीटर तक है। वहीं रिजर्व प्राइज 65 लाख रुपये से शुरू होकर करीब 18 करोड़ रुपये तक रखा गया है।

स्कूल और अस्पताल के लिए भी निकाले गए बड़े प्लॉट

प्राधिकरण ने इंस्टीट्यूशनल श्रेणी के तहत स्कूल, अस्पताल, नर्सिंग होम और कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए भी भूखंड योजना लॉन्च की है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

स्कूलों के लिए सेक्टर-19 में करीब 18 हजार वर्गमीटर का बड़ा प्लॉट निकाला गया है, जिसका रिजर्व प्राइज लगभग 143 करोड़ रुपये रखा गया है। इसके अलावा सेक्टर-42 में 5 हजार वर्गमीटर का एक और प्लॉट है, जिसकी कीमत करीब 21 करोड़ रुपये है। इन दोनों प्लॉट्स का आवंटन इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।

अस्पतालों के लिए सेक्टर-117 और सेक्टर-145 में 10-10 हजार वर्गमीटर के प्लॉट दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए इन प्लॉट्स को बड़े अस्पताल प्रोजेक्ट्स के लिए तैयार किया गया है। इनका आवंटन भी साक्षात्कार प्रक्रिया के जरिए होगा।

नर्सिंग होम और कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए अलग योजना

नर्सिंग होम के लिए सेक्टर-47 और सेक्टर-41 में दो प्लॉट निकाले गए हैं। दोनों प्लॉट करीब 1-1 हजार वर्गमीटर के हैं। इनका आवंटन ई-ऑक्शन के जरिए किया जाएगा। इसके अलावा कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए भी दो प्लॉट शामिल किए गए हैं, ताकि बड़ी कंपनियां और बिजनेस ग्रुप नोएडा में अपने कार्यालय स्थापित कर सकें।

होटल और कॉमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए भी मौका

नोएडा प्राधिकरण ने कॉमर्शियल बिल्डर प्लॉट की स्कीम भी लॉन्च की है। इसमें होटल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और बड़े बिजनेस प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है।

20 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले तीन बड़े कॉमर्शियल प्लॉट सेक्टर-18, 96 और 93B में स्थित हैं। इनका आकार 29 हजार से लेकर 37 हजार वर्गमीटर तक है। इसके अलावा 20 हजार वर्गमीटर से कम क्षेत्रफल वाले दो प्लॉट सेक्टर-94 और सेक्टर-18 में निकाले गए हैं।

होटल प्रोजेक्ट्स के लिए सेक्टर-71, 124 और 142 में तीन प्लॉट दिए गए हैं। इनका क्षेत्रफल 7500 वर्गमीटर से लेकर 12570 वर्गमीटर तक है। इनका आवंटन ई-नीलामी प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।

प्राधिकरण सीईओ ने क्या कहा

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि अलग-अलग विभागों की भूखंड योजनाओं को एक साथ लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि इच्छुक लोग तय समय सीमा के अंदर आवेदन कर सकते हैं। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इन योजनाओं से नोएडा में निवेश बढ़ेगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।