Greater Noida में बन रहा देश का सबसे आधुनिक रेलवे स्टेशन
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी में जल्द ही एक भव्य और आधुनिक रेलवे स्टेशन (Modern Railway Station) बनकर तैयार होने वाला है, जो देश के गिने-चुने मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) में शामिल होगा। नॉर्दर्न सेंट्रल रेलवे (NCR) इस परियोजना को अंजाम देगा और इसके निर्माण की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इस स्टेशन से न केवल ट्रेन बल्कि मेट्रो और बस सेवा भी एक ही परिसर में उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को एक जगह पर सभी परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) के अनुसार, बोड़ाकी रेलवे स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। टर्मिनल बिल्डिंग और कर्मचारी आवास के लिए भवनों का नक्शा तैयार हो चुका है। स्टेशन को रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी), फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), स्काईवॉक और सबवे के जरिए जोड़ा जाएगा, ताकि यात्रियों को एक सुविधा से दूसरी तक पहुंचने में आसानी हो। परियोजना का विकास ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड की देखरेख में होगा।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों की मौज आने वाली है
दो जोन में होगा विकास
जोन-1: अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी), क्षेत्रीय बस टर्मिनल (एलबीटी), मेट्रो रेल ट्रांजिट सिस्टम, और व्यावसायिक व खुदरा कारोबार की सुविधाएं।
जोन-2: रेलवे स्टेशन के साथ व्यावसायिक और खुदरा कारोबार।
13 प्लेटफॉर्म, 70 ट्रेनों का परिचालन
बोड़ाकी स्टेशन में 13 प्लेटफॉर्म होंगे, जहां से 70 ट्रेनों का परिचालन होगा। यह स्टेशन दिल्ली-हावड़ा रूट की कई ट्रेनों को संचालित करेगा, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या गाजियाबाद स्टेशनों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मेट्रो एक्वा लाइन का विस्तार
नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन को जोड़ने वाली मेट्रो एक्वा लाइन को बोड़ाकी एमएमटीएच तक विस्तारित किया जाएगा। इसके लिए 3 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी।
जमीन अधिग्रहण और निर्माण की प्रगति
परियोजना के लिए बची 118 एकड़ (48 हेक्टेयर) जमीन का अधिग्रहण रेलवे ऐक्ट के तहत किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। पहले चरण में टर्मिनल बिल्डिंग और स्टाफ क्वार्टर बनाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि दिल्ली में हाल ही में हुई बैठक में निर्माण की जिम्मेदारी एनसीआर को सौंपी गई है। नक्शे को अंतिम रूप दे दिया गया है, और परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है।
ये भी पढ़ेंः Metro: ग्रेटर नोएडा मेट्रो को लेकर बड़ा अपडेट, जरूर पढ़िए
दिल्ली-एनसीआर के लिए राहत
बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के बनने से दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह स्टेशन न केवल ग्रेटर नोएडा बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन केंद्र बनने जा रहा है।
