Google Boy: ‘गूगल बॉय’ के नाम से मशहूर कौटिल्य पंडित एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
Google Boy: हरियाणा के करनाल के रहने वाले कौटिल्य पंडित (Kautilya Pandit), जिन्हें लोग ‘गूगल बॉय’ के नाम से जानते हैं, एक बार फिर सुर्खियों में हैं। महज 17 साल की उम्र में कौटिल्य अब इंग्लैंड की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (Oxford University) में मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करने जा रहे हैं। उन्हें यूनिवर्सिटी की ओर से 25 लाख रुपये की स्कॉलरशिप (Scholarship) भी मिली है। पढ़िए पूरी खबर…

5 साल की उम्र में बने थे ‘गूगल बॉय’
आपको बता दें कि कौटिल्य (Kautilya) ने सिर्फ 5 साल की उम्र में दुनियाभर के देशों की राजधानी, करेंसी, जनसंख्या और भौगोलिक जानकारी याद कर ली थी। इसी वजह से वे ‘गूगल बॉय’ कहलाने लगे। उन्हें अमिताभ बच्चन के शो कौन बनेगा करोड़पति में भी बुलाया गया था और कई चैनलों ने उनके इंटरव्यू किए थे।
ऑक्सफोर्ड में करेंगे रिसर्च
गुरुग्राम के जीडी गोयनका स्कूल (GD Goenka School) से 12वीं पास करने के बाद कौटिल्य को अगस्त में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (Oxford University) के बॉलियोल कॉलेज से ऑफर मिला। अक्टूबर से वे यहां पढ़ाई शुरू करेंगे। कौटिल्य ब्रह्मांड विज्ञान (कॉस्मोलॉजी), प्लाज्मा फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी और AI for Humanity पर रिसर्च करना चाहते हैं।

‘मैं बेहद उत्सुक हूं’- कौटिल्य
कौटिल्य (Kautilya) ने कहा, ‘मैं बेहद उत्सुक हूं कि मुझे विश्व की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई का अवसर मिल रहा है। भौतिक विज्ञान हमेशा से मेरा प्रिय विषय रहा है और मैं आगे चलकर कॉस्मोलॉजी और अन्य विषयों पर रिसर्च करना चाहता हूं।’
ये भी पढ़ेंः Whatsapp: व्हाट्सएप पर AI लिखेगा आपका मेसेज, जानिये क्या है धमाकेदार फीचर
पिता बोले- उम्मीद है देश और मानवता के लिए करेगा काम
कौटिल्य (Kautilya) के पिता सतीश पंडित ने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि जब भी कोई बच्चा अच्छा करता है, सबसे ज्यादा खुशी माता-पिता को होती है। उन्होंने कहा कि कौटिल्य की प्रतिभा के पीछे परिवार के साथ-साथ समाज के कई लोगों का योगदान रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कौटिल्य अपनी शिक्षा पूरी करके देश और मानवता के लिए कार्य करेगा।

मां ने साझा किया बचपन का किस्सा
कौटिल्य की मां सुमित शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि ‘ईश्वर का धन्यवाद है कि कौटिल्य ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहा है। बचपन में जब उसकी बहनें पढ़ती थीं, तो वह कहता था कि आप मुझसे प्यार नहीं करते। दादाजी ने समझाया कि पढ़ाई करोगे तो सब प्यार करेंगे, और फिर उसकी रुचि पढ़ाई में बढ़ती गई।’ उन्होंने यह भी कहा कि कौटिल्य बचपन से ही बहुत जिज्ञासु और नटखट था और जब वह गांव में किसी से बात करने रुक जाती थीं तो कौटिल्य गुस्से में घर लौट आता था और कहता था कि ‘आप मेरा समय बर्बाद कर रही हैं।’
बहन भी कर रहीं यूके में पढ़ाई
कौटिल्य (Kautilya) की बहन दीक्षा पंडित फिलहाल यूके में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने भाई के ऑक्सफोर्ड में चयन पर कहा, ‘यह हमारे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। कौटिल्य ने बचपन से तय कर लिया था कि वह फिजिक्स में करियर बनाएगा। अब वह अपने सपनों की तरफ बढ़ रहा है।’ उन्होंने यह भी कहा कि परिवार का जीवन सादगी भरा है और कौटिल्य न केवल टैलेंटेड है बल्कि संस्कारी भी है।

ये भी पढ़ेंः Meta: मेटा से ‘सुपर इंटेलीजेंट’ का इस्तीफ़ा, करोड़ों के पैकेज पर आए ऋषभ ने क्यों छोड़ी मार्क जकरबर्ग की कंपनी
100 से ज्यादा किताबें पढ़ चुके हैं कौटिल्य
कौटिल्य (Kautilya) अब तक 100 से ज्यादा किताबें पढ़ चुके हैं, जिनमें विज्ञान, इतिहास, समाज दर्शन और भारतीय ग्रंथों से जुड़ी कई प्राचीन और आधुनिक पुस्तकें शामिल हैं। उन्होंने फाइनमैन लेक्चर्स ऑन फिजिक्स, क्वांटम मैकेनिक्स (डी.जे. ग्रिफिथ्स), मैकेनिक्स (क्लेप्नर एंड कोलेंकोव), और ऑप्टिक्स (यूजीन हेच्ट) जैसी विश्वविख्यात भौतिकी पुस्तकों का अध्ययन किया है। साथ ही उन्होंने इंडिया आफ्टर गांधी, डिस्कवरी ऑफ इंडिया और भगत सिंह की प्रसिद्ध किताब ‘मैं नास्तिक क्यों हूं’ भी पढ़ी है।
