Chhattisgarh News:सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन में 6 ट्रैक्टर जब्त

दिल्ली NCR
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर, 15 जुलाई। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त छह ट्रैक्टर जब्त किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

शिकायत मिलते ही चला विशेष जांच अभियान

सीएम हेल्पलाइन (टोल फ्री नंबर 1076) पर शिकायत प्राप्त होने के बाद कलेक्टर ने जिला खनिज विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया और अवैध खनिज परिवहन में लगे वाहनों की जांच की।

रेत और गिट्टी से भरे छह ट्रैक्टर जब्त

कार्रवाई के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे तीन ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया क्षेत्र से रेत से भरे दो ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। सभी छह वाहनों को मौके पर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

खान एवं खनिज अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला

खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने बताया कि निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि जमा होने के बाद ही जब्त वाहनों को नियमानुसार छोड़ा जाएगा।

हर शिकायत का होगा समयबद्ध समाधान

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासन के राजस्व हित सुरक्षित रह सकें।

प्रशासन ने नागरिकों से भी की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना सीएम हेल्पलाइन (1076) या संबंधित विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई कर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। इस अभियान में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।