Dhanteras: आज 18 अक्टूबर 2025 को देशभर में धनतेरस का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।
Dhanteras: आज 18 अक्टूबर 2025 को देशभर में धनतेरस (Dhanteras) का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह पर्व दिवाली (Diwali) के महोत्सव की शुरुआत का प्रतीक है, जिसे धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन माता लक्ष्मी, कुबेर देवता और भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है। मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन माता लक्ष्मी प्रकट हुई थीं और अपने साथ समृद्धि लेकर आई थीं। साथ ही, धन के देवता कुबेर भी उनके साथ आए थे। धनतेरस पर की गई खरीदारी पूरे वर्ष लाभकारी मानी जाती है, जिसके कारण लोग सोना, चांदी, बर्तन और यहां तक कि वाहन भी खरीदते हैं। आइए, जानते हैं आज के शुभ मुहूर्त और इस पर्व से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें।

ये भी पढ़ेंः क्या तेजपत्ता आपकी किस्मत बदल सकता है?
धनतेरस 2025 की तिथि
द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि आज, 18 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12:18 बजे शुरू होगी और 19 अक्टूबर 2025 को दोपहर 1:51 बजे समाप्त होगी। इस अवधि में धनतेरस के सभी अनुष्ठान और खरीदारी शुभ मानी जाती है।
खरीदारी के शुभ मुहूर्त
धनतेरस के दिन खरीदारी के लिए कई शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। पहला मुहूर्त सुबह 8:50 बजे से 10:33 बजे तक रहेगा। दूसरा मुहूर्त सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक होगा। तीसरा शुभ मुहूर्त शाम 7:16 बजे से रात 8:20 बजे तक रहेगा। इन समयों में की गई खरीदारी विशेष रूप से फलदायी मानी जाती है।
धनतेरस पर खरीदारी के लिए सुबह के शुभ चौघड़िया मुहूर्त
- शुभ काल: सुबह 7:49 बजे से 9:15 बजे तक
- लाभ उन्नति मुहूर्त: दोपहर 1:32 बजे से 2:57 बजे तक
- अमृत काल: दोपहर 2:57 बजे से शाम 4:23 बजे तक
- चर काल: दोपहर 12:06 बजे से 1:32 बजे तक
धनतेरस पर खरीदारी के लिए शाम के शुभ चौघड़िया मुहूर्त
- लाभ – उन्नति: शाम 05:48 बजे से शाम 07:23 बजे तक।
- शुभ – उत्तम: शाम 08:57 बजे से रात 10:32 बजे तक।
- अमृत – सर्वोत्तम: रात 10:32 बजे से देर रात 12:06 बजे तक।
पूजन का शुभ मुहूर्त
धनतेरस पर माता लक्ष्मी, कुबेर देवता और भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व है। द्रिक पंचांग के अनुसार, आज पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 7:16 बजे से रात 8:20 बजे तक रहेगा। इस समय में पूजा करने से सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है।

यम दीपक जलाने का मुहूर्त
धनतेरस के दिन सूर्यास्त के बाद यम दीपक जलाने की परंपरा है। यह चार मुखी दीपक यम देवता के लिए प्रज्वलित किया जाता है, जिसे यम दीपक या दीपदान कहा जाता है। यह अनुष्ठान परिवार की सुख-शांति और सुरक्षा के लिए किया जाता है। आज यम दीपक जलाने का शुभ मुहूर्त शाम 5:48 बजे से 7:04 बजे तक रहेगा, जिसकी अवधि 1 घंटे 16 मिनट होगी।
धनतेरस पर क्या खरीदें?
ज्योतिषियों के अनुसार, धनतेरस पर खरीदारी करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस दिन निम्नलिखित चीजें खरीदना शुभ माना जाता है:-
सोना-चांदी:- सोने और चांदी के आभूषण या सिक्के खरीदने से माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
बर्तन:- तांबे और पीतल के बर्तन खरीदना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
झाड़ू:- नई झाड़ू खरीदने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मकता आती है।
ये भी पढ़ेंः Astrology: दिवाली बाद इन राशियों की चमकेगी किस्मत, शनि नक्षत्र में मंगल की एंट्री
धनतेरस का महत्व
धनतेरस का पर्व केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भगवान धन्वंतरि के जन्मोत्सव के रूप में भी मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे और मानवता को स्वास्थ्य का वरदान दिया था। इस दिन भक्त भगवान धन्वंतरि की पूजा अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और कल्याण के लिए करते हैं। साथ ही, माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की पूजा से आर्थिक समृद्धि की कामना की जाती है।
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। ख़बरी मीडिया किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।

