Demat Account से भी हो जा रही है ठगी, हो जाइए सावधान
Demat Account: देशभर में साइबर अपराध की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। हर दिन साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) के नए नए मामले सामने आ रहे हैं। लोगों की छोटी से गलती उनका पूरा बैंक अकाउंट खाली करा दे रही है। साइबर ठगों से बचने के लिए लोग अपने बैंक अकाउंट (Bank Account) को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अब साइबर ठगों ने ठगी का तरीका बदलते हुए अब डीमैट अकाउंट (Demat Account) को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। नोएडा (Noida) में इस तरह का पहला मामला सामने आया है, जिसमें सेक्टर-118 के रहने वाले युवक के डीमैट अकाउंट से सभी शेयर ट्रांसफर हो गए।

ये भी पढ़ेंः Whatsapp Scam: अनजाने फोटो पर क्लिक करते ही आपका व्हाट्सएप हैक हो सकता है!
इस मामले में पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दी। डीसीपी साइबर प्रीति यादव (DCP Cyber Preeti Yadav) के अनुसार रोहित नवानी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिस वॉलेट से अकाउंट लिंक था और जहां शेयर भेजे गए, उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इस विषय में अन्य डिटेल निकाली जा रही है।
डीमैट अकाउंट वाली कंपनी से भी शिकायत
पीड़ित के मुताबिक 22 अप्रैल को अचानक उनके डीमैट अकाउंट (Demat Account) से शेयर (Stock) ट्रांसफर हुए। अकाउंट में कई बड़ी कंपनियों के 500 शेयर थे। उन्होंने आगे कहा कि सभी शेयर किसी दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर किए गए हैं। यह सब रात में हुआ है। पीड़ित ने इस विषय में डीमैट अकाउंट वाली कंपनी से शिकायत की और साइबर थाने भी पहुंचे।
CDSL पर भी शिकायत, लेकिन नहीं मिला अब तक जवाब
पीड़ित के मुताबिक 12 अप्रैल को डीमैट अकाउंट से रजिस्टर्ड उनके ईमेल पर कुछ ओटीपी आए। यह देख उन्होंने वॉलेट कंपनी के साथ-साथ सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज लिमिटेड (CDSL) पर भी शिकायत की, लेकिन इस विषय में उन्हें कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद ही देर रात अचानक शेयर ट्रांसफर हुए। पुलिस ओटीपी के विषय में जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद पीड़ित के अकाउंट की बेसिक डिटेल मिलने और मोबाइल से ओटीपी भी ठगों के पास पहुंचने की बात सामने आई है। आशंका है कि पीड़ित के मोबाइल या किसी दूसरे गैजेट को हैक कर वारदात की गई।
ये भी पढ़ेंः Weather Alert: Delhi-NCR सावधान, अगले 5 दिन क्या होने वाला है?
पुलिस कर रही है जांच
अभी तक साइबर ठगी के ज्यादातर मामलों में निवेश के नाम पर ठगी की जाती है या फिर शेयर मार्केट की जानकारी देने के नाम पर लोगों को शिकार बनाया जाता है। यह पहला केस है जिसमें पीड़ित के डीमैट अकाउंट से सभी शेयर ही ट्रांसफर कर लिए गए। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डीमैट अकाउंट के मामलों में शेयर ट्रांसफर करने के लिए अकाउंट बनाना ठगों के लिए आसान है। उनके अकाउंट में आने वाले शेयर को अलग-अलग जगहों पर ट्रांसफर किया जा सकता है।
मजबूत पासवर्ड बनाएं
साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि वैसे तो डीमैट अकाउंट से शेयर ट्रांसफर करना इतना आसान नहीं है, लेकिन अगर किसी के पास ईमेल का एक्सेस हो तो वह इस प्रोसेस को कर सकता है। इसलिए किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, यह आपके मोबाइल का एक्सेस दूसरे को दे सकता है। साथ ही ईमेल का पासवर्ड बेहतर बनाएं, जिससे उसे क्रैक करना सरल न हो। डीमैट अकाउंट से शेयर ट्रांसफर करने या बेचने के लिए कम से कम 2 बार ओटीपी प्रोसेस करना होता है। पहली बार ही अलर्ट होकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराएं। ऐसा करने से नुकसान होने पर आगे अपनी बात को रख पाएंगे।
