Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कोसला का औचक दौरा किया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। इस दौरान मुख्यमंत्री का बेहद सादा और आत्मीय रूप देखने को मिला, जब वे पीपल के पेड़ की छांव में लगी चौपाल में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत करने लगे।
मुख्यमंत्री ने गांव के लोगों, महिलाओं और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। यह दृश्य ग्रामीणों के लिए बेहद खास और यादगार बन गया।
ग्रामीणों से सीधे पूछे सवाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चौपाल के दौरान गांव में चल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने खासतौर पर पूछा कि गांव में पटवारी नियमित रूप से आते हैं या नहीं। ग्रामीणों के सकारात्मक जवाब के बाद मुख्यमंत्री ने पटवारी श्री शत्रुघन कुर्रे को निर्देश दिया कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का तेजी से समाधान किया जाए ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान न होना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है और यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
महिलाओं ने बताई योजनाओं की सफलता
चौपाल में ग्राम कोसला की श्रीमती सावित्री कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने नियमित सहायता राशि मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से परिवार की जरूरतें पूरी करने में काफी मदद मिल रही है।
वहीं गांव की “लखपति दीदी” श्रीमती नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें शुरुआत में 15 हजार रुपये की सहायता मिली थी। इसके बाद उन्होंने आटा चक्की का व्यवसाय शुरू किया और आज उनके पास पांच आटा चक्कियां संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के कामकाज की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में ग्राम कोसला के 474 परिवारों को योजना का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास प्लस सर्वे के जरिए छूटे हुए पात्र परिवारों को भी योजना में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थी और अब हजारों गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है।
महतारी सदन और स्कूल भवन की घोषणा
ग्रामवासियों की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गांव में “महतारी सदन” निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा सुविधाओं के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से महिलाओं और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
