Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग पर विशेष फोकस, दुर्घटनाएं घटाने के निर्देश

छत्तीसगढ़ राजनीति
Spread the love

Chhattisgarh News: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा माह 2026 मनाया जा रहा है। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा द्वारा पूरे प्रदेश में प्रतिदिन जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करना है।

सरकार की सक्रिय पहल

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप की ओर से सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पोस्टर और फ्लैक्स जारी किए गए हैं। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने प्रदेश के सभी सरपंचों और पंचों से अपील की है कि वे अपने पंचायत क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाएं और ग्रामीण स्तर पर जागरूकता फैलाएं।

यह भी पढ़े:Chhattisgarh News: सिरकठ्टी धाम बनेगा आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना का केंद्र: सीएम विष्णु देव साय

Chhattisgarh News: हेलमेट रैली से अभियान का शुभारंभ

सड़क सुरक्षा माह का औपचारिक शुभारंभ 01 जनवरी 2026 को बेमेतरा में किया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति श्री अभय मनोहर सप्रे, अध्यक्ष—सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑफ रोड सेफ्टी, ने हेलमेट रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।

उच्चस्तरीय बैठकें और कार्ययोजना

03 जनवरी को दुर्ग में संभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इसके बाद 05 जनवरी को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की उपस्थिति में विभागीय सचिवों की बैठक हुई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे अधिक दुर्घटना वाले जिलों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

वर्ष 2025 के सकारात्मक परिणाम

वर्ष 2025 में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर में पिछले वर्ष की तुलना में कमी दर्ज की गई है। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में लगभग 45 प्रतिशत अधिक कार्रवाई की गई, जिसमें करीब 9 लाख प्रकरण दर्ज हुए और लगभग 39 करोड़ रुपये का परिशमन शुल्क वसूला गया। जन-जागरूकता अभियानों के कारण प्रदेश में लगभग 3 प्रतिशत मृत्यु दर में कमी आई है और 20 जिलों में स्थिति में सुधार देखने को मिला है।

यह भी पढ़े: Chattisgadh News: छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि, रायपुर IPHL बनी देश की पहली NQAS प्रमाणित लैब

Chhattisgarh News: वर्ष 2026 के लिए तय लक्ष्य

वर्ष 2026 के दौरान सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर में कम से कम 10 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित सड़क खंडों में शीघ्र सुधारात्मक कार्य, बेहतर सड़क संकेतक और आकस्मिक उपचार के लिए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

यातायात पुलिस की जन-जागरूकता गतिविधियाँ

सड़क सुरक्षा माह 2026 के दौरान यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से वाहन चालकों और यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए, नशे में या तेज गति से वाहन चलाने वालों को समझाइश दी जा रही है और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को सम्मानित कर सकारात्मक संदेश भी दिया जा रहा है।