Chhattisgarh News: पढ़ाई में बाधा नहीं आने देंगे: कुरुषनार आश्रम में अतिरिक्त कक्ष की घोषणा

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अबुझमाड़ क्षेत्र के ग्राम कुरुषनार स्थित बालक आश्रम पहुंचे। उन्होंने आश्रम में रह रहे विद्यार्थियों से मुलाकात की और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली।

विद्यार्थियों की मांग पर अतिरिक्त कक्ष को मंजूरी

बालक आश्रम के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के लिए अतिरिक्त कक्ष की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अतिरिक्त कक्ष निर्माण को स्वीकृति दी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

बच्चों से संवाद, पढ़ाई और खेल पर दिया जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता, गांव और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लेने की सलाह दी।

बच्चों के सपनों को सराहा मुख्यमंत्री ने

आश्रम में रहने वाले छात्र रामजी ने बताया कि वह बड़ा होकर शिक्षक बनना चाहता है। मुख्यमंत्री ने उसकी सराहना की और मेहनत से पढ़ाई करने की बात कही। वहीं छात्र सोप सिंह ने मुख्यमंत्री को पहाड़ा सुनाया। कक्षा दूसरी के छात्र आदित्य ने मुख्यमंत्री से उनके स्कूल के दिनों के बारे में सवाल किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें स्कूल जाना अच्छा लगता था।

पाठ्यपुस्तक और शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली

मुख्यमंत्री ने बच्चों से पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता के बारे में पूछा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों को समय पर किताबें मिलें। उन्होंने कहा कि बचपन में पढ़ाई को पूरा समय देना जरूरी है, तभी आगे चलकर बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।

बच्चों ने दिखाए अंतरिक्ष अभियान के मॉडल

स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री को अंतरिक्ष अभियान से जुड़े मॉडल दिखाए। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों की तारीफ की और उन्हें भविष्य में वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित किया।

उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कुरुषनार की शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन कार्डधारियों से बातचीत कर राशन वितरण की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें हर महीने समय पर और अच्छी गुणवत्ता का राशन मिल रहा है।

ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत

मुख्यमंत्री ने डुटाखार, गुमियाबेड़ा और कंदाड़ी गांव के ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने उनके परिवारों की जानकारी ली और राशन वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया।

12 गांवों को मिल रहा है राशन

उचित मूल्य दुकान से आसपास के 12 गांवों के 408 राशन कार्डधारकों को राशन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्टॉक, साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।