Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के मार्गदर्शन में योजना की 26वीं किश्त की राशि जारी कर दी गई है। राशि जारी होते ही राज्य की लाखों महिलाओं के मोबाइल पर बैंक ट्रांसफर का संदेश पहुंचा, जिससे उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
68 लाख से अधिक महिलाओं को मिली आर्थिक सहायता
इस योजना के तहत राज्य की 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। इनमें 7,773 महिलाएं नियद नेल्ला नार योजना के गांवों की भी शामिल हैं, जिन्हें इस सहायता का लाभ मिला है।
हर महीने मिल रही 1,000 रुपये की सहायता
छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की थी। तब से अब तक लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि नियमित रूप से प्रदान की जा रही है।
अब तक इस योजना के माध्यम से महिलाओं को कुल 16,881 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जा चुकी है, जिससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
ई-केवाईसी प्रक्रिया तेज, समय पर कराएं अपडेट
सरकार द्वारा योजना के लाभ को बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया भी तेजी से कराई जा रही है। यह प्रक्रिया 3 अप्रैल से 30 जून 2026 तक चलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवन और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में व्हीएलई (VLE) के माध्यम से ई-केवाईसी का कार्य किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री Lakshmi Rajwade ने सभी लाभार्थी महिलाओं से अपील की है कि जिनका ई-केवाईसी अभी तक पूरा नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द इसे पूरा कर लें, ताकि सहायता राशि उनके खाते में समय पर पहुंचती रहे।
लगभग 69 लाख महिलाएं योजना से जुड़ीं
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, महतारी वंदन योजना से कुल 68,94,633 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इनमें से जिन लाभार्थियों का केवाईसी पूरा हो चुका है, उन्हें 26वीं किश्त का भुगतान सफलतापूर्वक कर दिया गया है।
