Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से सतर्कता और संवेदनशीलता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में केवल अपने स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों और पशु-पक्षियों का भी विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के इस दौर में छोटी-छोटी सावधानियां लोगों को बड़ी परेशानियों से बचा सकती हैं। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बाहर निकलते समय पानी साथ रखने की सलाह दी। साथ ही अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर जाने से बचने की भी अपील की।
राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था करने का आग्रह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से मानवीय संवेदना दिखाने की अपील करते हुए कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय या सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि यह छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बड़ी राहत बन सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज में सहयोग और संवेदना की भावना इस समय सबसे अधिक जरूरी है। गर्मी से परेशान लोगों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी भी है और मानवता का कर्तव्य भी।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ध्यान
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब होती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाएं।
मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि ऐसे लोगों को पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ दिए जाएं और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर या अस्पताल की सहायता ली जाए। उन्होंने कहा कि समय पर दी गई मदद किसी की जान बचा सकती है।
पशु-पक्षियों के प्रति भी दिखाएं संवेदनशीलता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशील बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, आंगन, छत, दुकान या आसपास पानी से भरा एक छोटा पात्र रखना भी इस भीषण गर्मी में कई जीवों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि गर्मी का असर केवल इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ता है। ऐसे में हर व्यक्ति को अपने स्तर पर उनकी सहायता करने का प्रयास करना चाहिए।
सेवा और सहयोग की भावना मजबूत करने का समय
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय सेवा, सजगता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी लोग एक-दूसरे का सहारा बनें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और जागरूकता से ही भीषण गर्मी जैसी चुनौती का बेहतर तरीके से सामना किया जा सकता है।
