Chhattisgarh News

FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन की दमदार मौजूदगी, देश-दुनिया के पर्यटकों को प्रदेश आने का न्योता

दिल्ली NCR
Spread the love

Chhattisgarh News: नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराई। सम्मेलन के दौरान देशभर के पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी विशेषज्ञों, ट्रैवल एजेंट्स, मीडिया प्रतिनिधियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के सामने छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को पेश किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य से लेकर जनजातीय संस्कृति, धार्मिक स्थलों, वन्यजीव और एडवेंचर टूरिज्म तक की संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई।

प्राकृतिक खूबसूरती और जनजातीय संस्कृति बनी आकर्षण का केंद्र

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रदेश के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, अनूठी जनजातीय जीवनशैली, घने जंगलों, खूबसूरत जलप्रपातों, पुरातात्विक धरोहरों, वन्यजीव संपदा और आध्यात्मिक स्थलों के कारण देश के खास पर्यटन स्थलों में अपनी जगह बना रहा है।

ईको-टूरिज्म और होम-स्टे पर विशेष फोकस

पैनल चर्चा के दौरान राज्य में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और नई पर्यटन नीतियों की जानकारी भी साझा की गई। इसके साथ ही निजी निवेश, सामुदायिक भागीदारी, ईको-टूरिज्म, होम-स्टे, धार्मिक पर्यटन और हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजनाओं पर चर्चा हुई।

राज्य सरकार का फोकस पर्यटन के विकास के साथ पर्यावरण और स्थानीय संस्कृति को सुरक्षित रखते हुए सतत पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी है।

टूर ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता

सम्मेलन में देश और विदेश से आए टूर ऑपरेटरों और पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण दिया गया।

पर्यटन विभाग ने उनसे प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती, सांस्कृतिक विविधता और अलग-अलग पर्यटन अनुभवों को करीब से देखने के साथ छत्तीसगढ़ को अपने प्रमुख टूर पैकेज और पर्यटन सर्किट में शामिल करने का आग्रह किया।

‘अनुभव आधारित पर्यटन का उभरता केंद्र है छत्तीसगढ़’

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल प्राकृतिक सुंदरता वाला प्रदेश नहीं है, बल्कि अनुभव आधारित पर्यटन के एक उभरते केंद्र के रूप में सामने आ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार, निवेश और स्थानीय आर्थिक विकास का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ आने और यहां की अनूठी संस्कृति, मेहमाननवाजी और पर्यटन स्थलों का अनुभव करने की अपील की।

पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश बढ़ाने की तैयारी

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि राज्य में पर्यटन के विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, डिजिटल प्रचार, निजी क्षेत्र की भागीदारी और गुणवत्तापूर्ण पर्यटन सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है। इसके लिए ट्रैवल एजेंसियों, विभिन्न राज्यों और पर्यटन उद्योग से जुड़े संगठनों के साथ साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत होगी पहचान

FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को प्रतिनिधियों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। पर्यटन क्षेत्र के विशेषज्ञों ने प्रदेश के प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, साहसिक और जनजातीय पर्यटन में मौजूद संभावनाओं में रुचि दिखाई।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को नए निवेश आकर्षित करने, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नेटवर्क से जुड़ने और प्रदेश को एक खास पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राज्य सरकार को उम्मीद है कि प्रभावी प्रचार, बेहतर सुविधाओं और पर्यटन उद्योग के साथ साझेदारी के जरिए छत्तीसगढ़ को देश-दुनिया के पर्यटकों के बीच ‘अनदेखा भारत’ के एक खास गंतव्य के रूप में पहचान मिल सकेगी।