Punjab News: अमृतसर, 28 जून। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अमृतसर में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव जी के नाम’ भजन संध्या के दौरान राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने आस्था, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने वाली नई पहलों की जानकारी दी।
माता सीता, लव-कुश को समर्पित बनेगा भव्य मंदिर
अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि अमृतसर में भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप माता जानकी (सीता) और लव-कुश को समर्पित एक विशाल मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर देश-दुनिया के राम भक्तों के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार इस मंदिर के निर्माण में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और इसे धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।
तीर्थ यात्रा योजना में जुड़े नए धार्मिक स्थल
केजरीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार करते हुए खाटू श्याम, सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और माता नैना देवी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन नए रूटों पर एक अगस्त से यात्राएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु निशुल्क यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
‘हमारे राम’ नाटक का होगा निशुल्क मंचन
उन्होंने यह भी घोषणा की कि एक अगस्त से पूरे पंजाब में भगवान श्रीराम पर आधारित आध्यात्मिक नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का निशुल्क मंचन किया जाएगा। इस नाटक में भगवान राम और रावण के बीच कम चर्चित संवादों और प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे लोगों को रामायण के नए आयामों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
काली माता मंदिर का 80 करोड़ रुपये से हो रहा नवीनीकरण
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पटियाला स्थित ऐतिहासिक काली माता मंदिर का लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक नवीनीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सितंबर तक यह कार्य पूरा होने की संभावना है और इसके बाद यह उत्तर भारत के प्रमुख मंदिरों में शामिल होगा।
पंजाब की पहचान सद्भाव और आस्था की भूमि के रूप में
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की मिट्टी हमेशा भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और धार्मिक आस्था का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण, आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा लोगों की आस्था का सम्मान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
भक्ति के साथ विकास पर भी सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल धार्मिक विरासत के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा चुनी गई सरकार का दायित्व उनकी आस्था और विकास दोनों की अपेक्षाओं को पूरा करना है।
हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भक्ति संध्या में हिस्सा
‘एक शाम भगवान शिव जी के नाम’ कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। पूरे आयोजन के दौरान भजन, पूजा-अर्चना और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
