Bihar News: बिहार में हर महीने होगा ‘पंचायत विकास दिवस’, CM सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार ने पंचायतों के समग्र विकास और जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के टेटिया बंबर प्रखंड की टेटिया ग्राम पंचायत से इस पहल की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।

ग्राम सभाओं में विकास योजनाओं पर होगी व्यापक चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से वर्ष में 12 अवसर ऐसे मिलेंगे, जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण एक साथ बैठकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, स्वच्छता, सामाजिक न्याय और अन्य स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर ठोस निर्णय लेंगे। इस पहल का उद्देश्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है।

पहली थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’

पहले पंचायत विकास दिवस की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और जीविका समूहों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

शिक्षा और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल और 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सरकारी स्कूल भी उत्कृष्ट शिक्षा के केंद्र बनें।

आत्मनिर्भर गांव से विकसित बिहार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लिए आत्मनिर्भर पंचायत और आत्मनिर्भर गांव आवश्यक हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास, आवास, स्वास्थ्य, ऊर्जा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत विकास दिवस स्थानीय विकास का प्रभावी मंच बनेगा।